48 घंटे के झारखंड बंद का अब दिखने लगा असर, देखें तस्वीरें

झारखंड
Spread the love

रांची। इस समय की बड़ी खबर यह है कि झारखंड में नियोजन नीति के विरोध में झारखंड यूथ एसोसिएशन ने आज यानी 10 और 11 जून को झारखंड बंद आहूत किया है। इसका असर बस स्टैंडों, चौक-चौराहों और बाजारों में देखने को मिल रहा है। बसों की और यात्रियों की संख्या न के बराबर देखने को मिल रही है।

बंद समर्थकों ने नामकुम थाना क्षेत्र के रामपुर बाजार के समीप रांची जमशेदपुर हाइवे पर टायर जलाकर आवागमन को अवरुद्ध कर दिया। उन्होंने 60-40 नियोजन नीति के विरोध में नारे भी लगाए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आग बुझाकर आवागमन सामान्य कराया। बंद करवाने वालों में देवेंद्र नाथ महतो एवं उनके समर्थक शामिल थे।

इधर हजारीबाग के बड़कागांव चौक में झारखंड बंदी शुरू हो गयी। वक्ताओं का कहना है कि झारखंड में 1932 खतियान लागू नहीं होने से बाहरी लोगों को नौकरी मिल रही है।

इसी तरह टाटा-रांची हाइवे पर छात्रों ने टायर जला दी है और जितने भी दुकानें खुली थीं, उसको बंद कराया दिया। बता दें कि झारखंड बंद के मद्देनजर रांची के फिरायालाल चौक पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गए हैं। जगह-जगह पर पुलिस बल तैनात है।

मुख्यमंत्री आवास, मोरहाबादी मैदान और उसके आसपास के इलाकों में दो दर्जन से अधिक अलग से सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है। इसके अलावा दो ड्रोन कैमरा भी रखा गया है। झारखंड बंद के दौरान ड्रोन कैमरे से निगरानी की जा रही है।

रांची एसएसपी ने कंट्रोल रूम में तैनात पुलिसकर्मियों को बंद की पूरी निगरानी रखने का निर्देश दिया है। एसएसपी ने कहा कि झारखंड बंद के दौरान अशांति फैलाने वाले लोगों को कतई बक्शा नहीं जाएगा।