जिला आपूर्ति कार्यालय का निरीक्षण किया डीसी ने, दिए कई निर्देश

झारखंड
Spread the love

रांची। रांची डीसी राहुल कुमार सिन्हा ने जिला आपूर्ति कार्यालय/अनुभाजन कार्यालय का निरीक्षण 17 जून को किया। उन्‍होंने जिला पूर्ति कार्यालय द्वारा संपादित किए जा रहे विभिन्न कार्यों का विस्तार से जानकारी ली। उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी अल्बर्ट बिलुंग को उचित व आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

समाहरणालय ब्लॉक A स्थित जिला आपूर्ति कार्यालय पहुंचकर उपायुक्त ने सर्वप्रथम कार्यालय में कार्यरत पदाधिकारियों एवं कर्मियों से उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी ली। इसके बाद जिला आपूर्ति पदाधिकारी के साथ उपायुक्त ने विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त द्वारा जिला पूर्ति कार्यालय में अनुक्रमणी पंजी, आगत पंजी, निर्गत पंजी, आवंटन पंजी, वेतन भरपाई पंजी, विपत्र पंजी, रोकड़ पंजी, उपस्थिति पंजी, आकस्मिक अवकाश पंजी आदि की जांच की गई।

जिले में गुलाबी, पीला एवं हरा राशन कार्ड बनाए जाने की जानकारी लेते हुए उपायुक्त ने राशन कार्ड से संबंधित विभिन्न तरह के प्राप्त आवेदनों के यथाशीघ्र निष्पादन में आ रहे परेशानियों के संबंध में विभाग से पत्राचार करने के निर्देश दिए।

जिला आपूर्ति शाखा के अधीन कर्मचारियों के स्वीकृत पद एवं कार्य पद की स्थिति की जानकारी भी उपायुक्त द्वारा ली गई।

सोना सोबरन धोती साड़ी वितरण योजना, मुख्यमंत्री दाल भात योजना, आदिम जनजाति समूह (पीवीटीजी) डाकिया योजना, पेट्रोल सब्सिडी (CM SUPPORT) योजना की समीक्षा करते हैं उपायुक्त संबंधित कर्मी को बुलाकर आवश्यक जानकारी ली। नियमानुसार योजनाओं का लाभ योग्य व्यक्तियों को देने को कहा।

उपायुक्त द्वारा झारखंड लक्षित जन वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2017 की अधिसूचना में निहित निदेश के आलोक में डोर स्टेप डिलीवरी के लिए रांची जिला अंतर्गत 17 प्रखंड एवं कडरू स्थित राज्य खाद्य निगम गोदाम के लिए परिवहन सह हथालन अभिकर्ता के चयन की भी जानकारी ली। उपायुक्त ने शर्त एवं निविदा अनुसार परिवहन सह हथालन अभिकर्ता से कार्य लिए जाने के निर्देश दिए।