हीट वेव को लेकर अलर्टः 12वीं तक के सभी स्कूल 24 जून तक बंद, आदेश जारी

नई दिल्ली देश
Spread the love

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों का जन-जीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। भीषण गर्मी के कारण स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां चल रही हैं। लेकिन भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी पूर्वानुमान में आगे भी भीषण गर्मी पड़ने की बात के बाद स्कूलों की गर्मी छुट्टी बढ़ा दी गई है।

इन राज्यों में पड़ रही भीषण गर्मी

इस समय बिहार, झारखंड, असम, ओडिशा, बंगाल जैसे राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। गर्मी के कारण लोगों का जीना मुहाल हो गया है। सुबह नींद खुलते ही भगवान सूर्य की तेज किरणें लोगों की परीक्षा ले रही हैं। कई जगहों पर पारा 44-45 के करीब पहुंच गया है। इस गर्मी से सबसे ज्यादा परेशानी बच्चे और बुढ़ों को हो रही है।

बिहार में लू से 12 लोगों की मौत

बिहार में तेज धूप, लू और गर्मी का सितम जारी है। मौसम विभाग ने लगातार दूसरे दिन भी हीट वेव को लेकर 6 जिलों में रेड, 8 जिलों में ऑरेंज और 4 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। दूसरी ओर राज्य में पिछले 24 घंटे में लू से 12 लोगों की मौत हो गई है। ऐसे में बिहार की राजधानी पटना में जिला प्रशासन ने 12वीं तक के स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी किया है।

24 जून तक बंद रहेंगे 12वीं तक के स्कूल

पटना का अधिकतम तापमान गुरुवार को 43.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी ऐसी ही गर्मी पड़ने की आशंका जताई है। जिसे देखते हुए पटना के डीएम चंद्रशेखर सिंह ने बड़ा निर्णय लिया है। उन्होंने पत्र जारी कर पटना में 12वीं तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र 24 तक बंद रखने का आदेश दिया है।

झारखंड में भी स्कूलों की छुट्टियां बढ़ीं

इससे पहले पड़ोसी राज्य झारखंड में भी भीषण गर्मी के कारण स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाई गई थीं। बीते बुधवार को झारखंड सरकार ने बड़ा फैसला जारी करते हुए 8वीं तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का एलान किया था।

स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग (School Education and Literacy Department) ने बुधवार को एक नया आदेश जारी करते हुए बताया कि 8वीं तक के स्कूल 17 जून तक बंद रहेंगे। हालांकि 9 से 12वीं तक के स्कूल 15 जून से पूर्व की भांति संचालित होंगे।