अंचलाधिकारी के निर्देश, होली में डीजे पर नहीं बजने चाहिए अश्लील गाने

झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। जिले के कांडी थाना परिसर में होली और शब-ए-बरात को लेकर शांति समिति की बैठक गुरुवार को हुई। इसकी अध्यक्षता अंचल अधिकारी अजय कुमार दास ने की। कार्यक्रम का संचालन भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष रामलला दुबे ने किया।

मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि वर्षों से शांतिपूर्ण तरीके से होली का पर्व मनाया जाता रहा है। इसलिए सभी लोग मिलजुलकर सौहार्दपूर्ण तरीके से रंगोत्सव का पर्व मनाएं। उन्‍होंने थाना प्रभारी से क्षेत्र के सभी डीजे मालिकों को नोटिस थमाने का आदेश दिया। कहा कि होली पर जो व्यक्ति रंग लगाने के लिए इजाजत नहीं देता है, वैसे लोगों से जबरदस्ती नहीं करें।

अंचलाधिकारी अजय कुमार दास ने कहा कि यदि किसी असमाजिक तत्वों के द्वारा कोई उत्पात मचाई जाती है तो फौरन थाना को सूचित करें। होली पर डीजे पर अश्लील गाने नहीं बजने चाहिए। सोशल मीडिया जैसे फेसबुक, व्हाट्सएप्प, ट्विटर आदि पर भ्रामक चीजें पोस्ट नहीं करें।

थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार ने कहा कि क्षेत्र की जनता की सुरक्षा के लिए कांडी पुलिस 24 घंटे सेवारत है। दिक्कत होने पर सूचना देकर अवगत कराएं। ऐसे रंगों का त्योहार पर चारों ओर पुलिस भी मौजूद रहेगी, जिससे कोई अप्रिय घटना न घटे।

प्रखंड प्रमुख सत्येंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय ने कहा कि क्षेत्र में अवैध रूप से महुआ शराब की बिक्री हो रही है। इसपर अंकुश लगना चाहिए। बालू और नाली के पानी से भी लोग होली खेलते हैं। यह पूर्ण रूप से गलत है। अबीर-गुलाल व रंग का पर्व होली है।

प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष चंद्रशेखर उपाध्याय उर्फ विकास उपाध्याय ने क्षेत्र की जनता से शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण तरीके से होली पर्व मनाने की अपील की है।

विधायक प्रतिनिधि अजय कुमार सिंह, मंडल महामंत्री शशिरंजन दुबे, सरकोनी मुखिया सुबोध कुमार वर्मा, राणाडीह मुखिया ललित बैठा, चटनिया मुखिया प्रतिनिधि लालू यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।

भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष रामलला दुबे ने कहा कि आए दिन कांडी बाजार में सड़क जाम होता है। इससे प्रखंड मुख्यालय आने वाले लोगों को काफी दिक्कतें होती हैं।

मौके पर एसआई सुमन कुमार शर्मा, उप प्रमुख नारायण यादव, पतरिया पंचायत मुखिया प्रतिनिधि मनोज पासवान, मृतुजा अंसारी, युवा समाजसेवी बाबु खान, अलीमुद्दीन अंसारी, कांडी पूर्व मुखिया विनोद प्रसाद सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।