सीयूजे की शोधार्थी का कोल इंडिया में कम्युनिटी डेवलपमेंट ऑफिसर के पद पर चयन

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूजे) की शोधार्थी प्रियंका ठाकुरी का कोल इंडिया में कम्युनिटी डेवलपमेंट ऑफिसर के पद पर चयन हुआ है। वह सीयूजे के डिपार्टमेंट ऑफ एंथ्रोपोलॉजी एंड ट्राईबल स्टडीज (मानवविज्ञान एवं जनजातीय अध्ययन विभाग) की शोधार्थी है।

झारखंड की राजधानी रांची के नामकुम प्रखंड की निवासी प्रियंका ने वर्ष 2022 में कोल इंडिया के मैनेजमेंट ट्रेनी की अखिल भारतीय चयन परीक्षा दी थी। परीक्षा में चयन के बाद उनकी पोस्टिंग कोल इंडिया की सहायक कंपनी सीसीएल में की गई। कंपनी में उन्‍हें कॉर्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी  (सीएसआर) डिपार्टमेंट में कार्यभार मिला है। इस चयन से उनके परिवार और विश्वविद्यालय में हर्ष का माहौल है।

प्रियंका के अनुसार नियमित पढ़ाई की बदौलत उन्हें यह उपलब्धि प्राप्त हुई हैं। उनकी दसवीं की पढ़ाई रांची के लोरेटो कॉन्वेंट और 12वीं की पढ़ाई कडरु के डीएवी कपिलदेव से हुई है। स्नातक काशी हिंदू विश्वविद्यालय और स्नातकोत्तर इग्नू से रूरल डेवलपमेंट से की। प्रियंका ने यूजीसी नेट की परीक्षा भी उत्तीर्ण की है।

वर्तमान में वह झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय में डॉ शमशेर आलम के निर्देशन में जनजातीय बहुल क्षेत्रों में भूमि अधिग्रहण एवं उनसे जुड़े मुद्दों पर पीएचडी शोध कर रही हैं। इस चयन पर झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय परिवार उनको बधाई दी है।