लायंस क्लब ऑफ रांची ईस्ट ने मोतियाबिंद से पीड़ित 50 लोगों की आंखों का कराया ऑपरेशन

झारखंड
Spread the love

रांची। लायंस क्लब ऑफ रांची ईस्ट के कोकर स्थित निरामया हॉस्पिटल में निःशुल्क नेत्र जांच और नेत्र लैंस प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 9 बजे शुरू हुए शिविर में करीब 100 रोगियों की नेत्रों की जांच करने के साथ ही 50 का ऑपरेशन के लिए चयन किया गया।

क्लब के अध्यक्ष रतन लाल अग्रवाल ने बताया कि मोतियाबिंद जांच एवं नेत्र लैंस प्रत्यारोपण शिविर में आएं मरीजों की जांच आधुनिक तकनीक के माध्यम से नेत्र रोग विशेषज्ञों की टीम ने की। तत्पश्चात चयनित सभी मरीजों की आंखों का सफल ऑपरेशन किया गया।

दूसरे दिन सभी को मुफ्त चश्मा और दवाइयां देकर घर तक छोड़ा गया। यहां बता दें कि लायंस क्लब ऑफ रांची ईस्ट के कोकर स्थित निरामया हॉस्पिटल के द्वार गरीबों के लिए हमेशा खुले रहते हैं। यहां ऑपरेशन के दिन मरीजों के ठहरने और खाने की व्यवस्था हमेशा से रही है। यही वजह है कि मरीज यहां निराश आते जरूर हैं, लेकिन चेहरे पर मुस्कान लिये ही जाते हैं।