पीएम किसान सम्मान निधि की 13वीं किस्त जारी, जानें एकाउंट में आयेगी कितनी राशि

नई दिल्ली देश
Spread the love

नई दिल्ली। होली से पहले ही केंद्र सरकार ने किसानों को तोहफा दे दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक के बेलगावी में पीएम किसान योजना की 13वीं किस्त के रुप में 2000 रुपए जारी कर दिए हैं।

पीएम किसान सम्मान योजना मोदी सरकार की फ्लैगशिप योजना है। पीएम किसान योजना की 13वीं किस्त के तहत केंद्र सरकार ने 9 करोड़ किसानों के लिए 16,800 करोड़ रुपए जारी किए हैं। ये राशि डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर की जाएगी। पिछले साल मई और अक्टूबर में इस योजना के तहत 11वीं और 12वीं किस्त जारी की गई थी।

इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि, PM किसान सम्मान निधि दुनिया का अभिनव कार्यक्रम है। इतनी बड़ी राशि लोगों के खाते में अंतरण हो ऐसा दुनिया के किसी देश में नहीं होता। PM ने अब तक 12 किस्तों में लगभग 11.5 करोड़ किसानों के खातों में राशि ट्रान्सफर की है। पैसे के जारी होते ही किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे हैं।

कर्नाटक के बेलगावी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 13वीं किस्त जारी करने के बाद कहा कि, आज का बदलता हुआ भारत हर वंचित को वरीयता देते हुए एक के बाद एक विकास के काम कर रहा है। हमारे देश में दशकों तक छोटे किसानों को नजरअंदाज किया गया। अब यही छोटे किसान BJP सरकार की प्राथमिकता हैं। इन छोटे किसानों के खातों में अब तक 2.5 लाख करोड़ रुपया जमा किया जा चुका है।

PM मोदी ने कहा कि, साल 2014 के बाद से देश लगातार कृषि में एक सार्थक बदलाव की तरफ बढ़ रहा है। BJP सरकार में हम कृषि को आधुनिकता से जोड़ रहे हैं। कृषि को भविष्य के लिए तैयार कर रहे हैं। साल 2014 में भारत का कृषि का बजट 25 हजार करोड़ था। इस बार हमारा कृषि बजट 1 लाख 25 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा है।