रांची मौसम केंद्र देश का सर्वश्रेष्ठ ‘मौसम केंद्र’ घोषित

झारखंड
Spread the love

  • कार्यालय प्रमुख अभिषेक आनंद ने नई दिल्‍ली में ग्रहण किया पुरस्‍कार

रांची। भारत मौसम विज्ञान विभाग के 148वें स्थापना दिवस पर नई दिल्‍ली के लोदी रोड के मौसम भवन स्थित वृष्टि सभागार में 15 जनवरी को कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर रांची मौसम केंद्र को देश का सर्वश्रेष्ठ ‘मौसम केंद्र’ घोषित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्‍य अतिथि पृथ्‍वी विज्ञान मंत्रालय के राज्‍यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) डॉ जीतेंद्र सिंह थे। रांची मौसम केंद्र के कार्यालय प्रमुख अभिषेक आनंद ने डॉ सिंह के हाथों पुरस्कार ग्रहण किया।

अभिषेक आनंद ने इस गौरवमयी अवसर पर सभी कर्मियों को बधाई दी I इस अवसर पर  मीडियाकर्मी और अन्य हितधारकों का ह्रदय से आभार जताया। केंद्र के कर्मियों ने भी उत्साह के साथ आगे और बेहतर सेवा प्रदान करने का संकल्प लिया I

रांची मौसम केंद्र के गत वर्ष के कुछ प्रमुख कार्य

• रांची स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत रांची शहर में कई स्थानों पर 50 वीएमएसबी (वैरिएबल मैसेज साइन बोर्ड) स्थापित किए गए हैं। केंद्र दैनिक आधार पर सूर्योदय, सूर्यास्त डेटा के साथ मौसम की जानकारी दे रहे हैं, जो पूरे दिन वीएमएसबी में लगातार प्रदर्शित होते रहते हैं।

• CAP-SACHET (कॉमन अलर्टिंग प्रोटोकॉल) को सफलतापूर्वक कार्यान्वित किया गया। इसके लिए राज्य आपदा प्रबंधन के साथ समन्वय कर जनता को चेतावनी अलर्ट का प्रसार किया जाता है। कृषि क्षेत्र के लिए प्रभाव आधारित पूर्वानुमान तथा फ़सल संबंधित सलाह भी दी जाती है।

• प्रभाव आधारित पूर्वानुमान जारी करने के लिए जोखिम/भेद्यता (Vulnerability) डेटा के प्रावधान के लिए झारखंड अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र (Jharkhand Space Application Centre),  झारखंड राज्य सरकार, के साथ समन्वय कि‍या जा रहा है।

• मौसम संबंधी पहलुओं और प्रेक्षण विधियों पर प्रारम्भिक ज्ञान प्राप्त करने के लिए स्कूलों और कॉलेजों के छात्रों को हमारे कार्यालय में आमंत्रित किया जाता है।

• इंजीनियरिंग कॉलेज और अनुसंधान संस्थानों के साथ भी समझौता किया है। बीआईटी मेसरा, सीआईटी टाटीसिलवे और बीएयू, रांची का दौरा किया है।

• देवघर हवाई अड्डे के लिए 12 जुलाई, 2022 को मौसम सेवाएं पूरी तरह चालू हो गईं।

• संसदीय राजभाषा समिति के द्वारा रांची मौसम केंद्र के साथ निरीक्षण बैठक हुई, जिसमें केंद्र द्वारा किए जा रहे कार्य को सराहा गया।

• भारत मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक ने रांची मौसम केंद्र का दौरा किया। कार्यों की जानकारी ली।

• सोशल मीडिया के माध्यम से आम जनता तक सुगमता से मौसम की सूचना उपलब्ध कराई गई।