कांटाटोली फ्लाईओवर : यातायात में हो रही परेशानी दूर करने की कवायद शुरू

झारखंड
Spread the love

  • सर्विस लेन के गड्ढों को भी भरने का काम जारी, 6 पिलर कैप की भी हुई कास्टिंग

रांची। झारखंड की राजधानी रांची के कांटाटोली फ्लाईओवर के निर्माण कार्य के कारण सर्विस लेन में यातायात में हो रही परेशानी को दूर करने की कवायद शुरू हो गई है। सर्विस लेन के किनारे पक्के नाले का निर्माण किया जा रहा है। इससे घरों का पानी सर्विस लेन पर नहीं आयेगा। लेन में गड्ढे नहीं होंगे। इधर दोनों ओर सर्विस के गड्ढों को भी भरने का काम भी शुरू हो चुका है। फ्लाईओवर के निर्माण में भी तेजी आ गई है।

पक्के नाले का निर्माण शुरू

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर फ्लाईओवर का निर्माण कार्य करने वाली मेसर्स दिनेशचन्द्र आर अग्रवाल इन्फ्राकान प्राइवेट लिमिटेड ने सर्विस लेन के दोनों ओर परियोजना साईट तक पक्के नाले का निर्माण शुरू कर दिया है। पक्का नाला शांति नगर से योगदा मठ तक बनेगा। यातायात सुचारू बनाने और वाहन चालकों की सुविधा के लिए सर्विस लेन के गड्ढों को भी भरने का आरंभ कर दिया है। सर्विस लेन का रखरखाव कार्य किये जाने से लोगो को कुछ हद तक वाहन चलाने में सुविधा होगी।

पक्का सर्विस लेन भी बनेगा

फ्लाईओवर का निर्माण पूरा हो जाने के बाद पक्के सर्विस लेन का निर्माण किया जायेगा। वर्तमान में पक्का सर्विस लेन बनाने से फ्लाईओवर के पिलर पर गडर चढ़ाने के लिए चेन के पहिये वाले बड़े क्रेन के संचालन से सर्विस लेन टूट जायेगा। इसलिए फ्लाईओवर के निर्माण तक सर्विस लेन का रखरखाव कर उसे यातायात के लिए बनाया जायेगा। बहुबाजार चौक पर अतिक्रमण जिला प्रशासन द्वारा हटाये जाने के बाद उस क्षेत्र में नाले का निर्माण कार्य शुरू किया जायेगा।

फ्लाईओवर के काम में प्रगति

इधर काटाटोली फ्लाईओवर के काम की प्रगति अब दिखने लगी है। कुल 44 पिलर बनना है, जिसमें 25 पिलर बन चुके हैं। 25 पिलर में से 6 पर पिलर कैप भी बन गया है। इसके आलावा पेट्रोल पम्प के निकट कलवर्ट का भी निर्माण शुरू हो गया है।