रांची। झारखंड प्रदेश संयुक्त शिक्षक मोर्चा की समीक्षा बैठक रांची के धुर्वा गोलचक्कर के निकट स्थित भारतीय मजदूर संघ के कार्यालय में हुई। इसकी अध्यक्षता विजय बहादुर सिंह ने की। इसमें आगे की कार्यनीति बनाई गई।
सदस्यों ने कहा कि मोर्चा अपने गठन काल से ही शिक्षा एवं शिक्षक हित में मुखर रूप से कार्य करता आ रहा है। इसके तहत सरकार के समक्ष अपनी मांगों को रखने के लिए राज्य स्तरीय वृहत धरना का आयोजन 21 जनवरी को राजभवन के समक्ष किया गया। इसमें पूरे राज्य से शिक्षक प्रतिनिधि हजारों की संख्या में शामिल हुए।
उक्त बैठक में राजभवन के समक्ष आयोजित धरना सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई। मौके पर विजय बहादुर सिंह, अमीन अहमद, आशुतोष कुमार, अरुण कुमार दास, मकसूद जफर हादी, मोहम्मद फखरुद्दीन सहित अन्य मौजूद थे।
इन बिंदुओं पर चर्चा
21 जनवरी, 2023 को राजभवन के समक्ष एक दिवसीय सांकेतिक धरना कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए शामिल होने वाले तमाम शिक्षक संगठनों एवं राज्य के विभिन्न जिला से उपस्थित सभी शिक्षक प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए मोर्चा ने उनका आभार जताया।
धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में खर्च की गई राशि का ब्यौरा संयोजक मंडल एवं कोर कमेटी के सदस्य के बीच सार्वजनिक किया गया।
सरकार के समक्ष मोर्चा द्वारा शिक्षा में गुणवत्ता संवर्धन के साथ शिक्षक हित एवं सम्मान को बनाए रखने के लिए अपनी सभी मांगों पर सरकार की पहल का अवलोकन करने के लिए राज्यपाल के साथ मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के समक्ष मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल अपने कार्य योजना के अनुरूप कार्य करने के लिए आगे की कार्यनीति तय बनाई गई।
मोर्चा को और सशक्त करने के लिए एक कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें मोर्चा के सभी घटक संगठनों यथा राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ प्राथमिक प्रकोष्ठ, झारखंड राज्य उर्दू शिक्षक संघ, झारखंड स्टेट प्राईमरी टीचर्स एसोसिएशन, झारखंड प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ एवं राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ +2 संवर्ग से 5-5 शिक्षक प्रतिनिधियों का चयन करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
कार्यकारिणी प्रमुख विजय बहादुर सिंह और अमीन अहमद को बनाया गया। कार्यकारिणी समिति के सदस्य के रूप में मोर्चा के सभी घटक संगठनों के 5-5 शिक्षक सदस्यों को मनोनीत किया गया।
राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत छात्रों एवं शिक्षकों के हित के सभी मुद्दों पर कार्य करने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाले शिक्षक संगठनों को मोर्चा में शामिल होने का आह्वान करते हुए एकजुट होकर कार्य करने की जरूरत बताई है।