पिटाई से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, ग्रामीणों ने सड़क किया जाम

झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

गोमिया (बोकारो)। लड़ाई में बीचबचाव के दौरान पिटाई से घायल युवक की 13 दिसंबर को मौत को गई। घटना से गुस्‍साये ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। मृतक के परिजनों से गोमिया विधायक डॉ लंबोदर महतो ने मुलाकात की। दोषियों को सजा देने की मांग की। परिजनों को हर संभव सहायता देने का भरोसा भरोसा दिलाया।

बीते दिन हुईं मारपीट की घटना में घायल युवक की रांची में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के भाई कर्माटांड़ निवासी रामू यादव ने बताया कि‍ उनके छोटे भाई 28 वर्षीय मनोज यादव बीते कर्मा त्योहार के दिन शाम के वक्त साडम से दूध देकर लौट रहा था। तभी रास्‍ते में महेश मिस्त्री नामक परिचित ने उसे हाथ दिया। अपने साथ ले जाने को कहा। मनोज ने उसे अपनी गाड़ी में बैठा लिया। कहा कि वह अपने घर तक ही जाएगा, उससे आगे नहीं जाएगा।

महेश के आग्रह पर उसे घर तक छोड़ने चला गया। उसे छोड़ने के क्रम में देखा कि महेश का दो लड़कों से लेनदेन था। इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस होने लगी। इस दौरान मनोज बीच-बचाव कर छुड़ाने का काम करने लगे। फिर दोनों लड़के महेश को छोड़कर मनोज को बुरी तरह पीट दिया। मरा हुआ समझकर उसे छोड़ दिया। आने-जाने वालों ने इसकी जानकारी घर में दी।

सूचना मिलते ही महेश का बड़ा भाई एवं तेनुघाट ओपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे। उसे इलाज के लिए तत्काल गोमिया हॉस्पिटल लाया गया। यहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया। परिजन उसे वेल्लोर तक ले गए, किंतु डॉक्टरों ने जवाब दे दिया। आज उसकी मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक अपने पीछे एक बेटा, एक बेटी एवं पत्नी सोनिया देवी को छोड़ गया। घटना से गुस्‍साये ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया था। तेनुघाट ओपी प्रभारी सुनील कुमार घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाया।

घटना की सूचना मिलते ही गोमिया विधायक लंबोदर महतो मृतक के घर पहुंचे। कहा कि यह घटना काफी निंदनीय है। इसकी सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो। जल्द से जल्द दोषियों को कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। मृतक का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड के जरिए हो, तभी चीजों का पता चल सकेगा।

गोमिया विधायक ने हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। सरकारी लाभ को अति शीघ्र दिलाने की बात कही। मौके पर जगदीश सिंह, विनोद कुमार, बासुदेव यादव, भोला सिंह, प्रदीप सिंह, मिथुन चंद्रवंशी, मो हसनुल आदि मौजूद थे।