भारत की और बढ़ी ताकत; इंडियन एयरफोर्स को मिला आखिरी राफेल, 36 विमानों की डिलीवरी पूरी

नई दिल्ली देश
Spread the love

नई दिल्ली। भारत की और भी ताकत बढ़ गई है। एलएसी पर चीन के साथ तनातनी के बीच भारत को फ्रांस से आखिरी राफेल विमान मिल गया है। भारत ने फ्रांस से 36 राफेल फाइटर प्लेन खरीदने का सौदा किया था।

फ्रांस द्वारा 36 विमानों की डिलीवरी पूरी हो गई है। गुरुवार को फ्रांस से आए आखिरी राफेल विमान ने भारत में लैंडिंग की। इस खुशी में भारतीय वायुसेना द्वारा ट्वीट किया गया कि पैक पूरा हो गया है।

चीन से मिल रही चुनौती को देखते हुए भारत ने राफेल विमानों को हरियाणा के अंबाला और पश्चिम बंगाल के हासीमारा एयरबेस पर तैनात किया है। 29 जुलाई 2020 को फ्रांस से राफेल विमानों का पहला बैच भारत पहुंचा था।

IAF ने राफेल विमानों को उच्चतम मानकों पर अपग्रेड करना शुरू कर दिया है। उन्हें इंडिया स्पेसिफिक एन्हांसमेंट से लैस किया गया है।

यहां बता दें कि राफेल 4.5 जेनरेशन का लड़ाकू विमान है। यह लंबी दूरी तक हवा से हवा और हवा से जमीन पर मार करने वाले मिसाइलों से लैस है। इस विमान के पास एडवांस्ड रडार और इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर क्षमताएं हैं। फ्रांस की कंपनी डसॉल्ट एविएशन ने इसे बनाया है। कंपनी विमान के रख-रखाव में भी भारत की मदद करेगी।