श्री राम कथा रांची के हरमू मैदान में 15 जनवरी से, खोला जाएगा कार्यालय

झारखंड धर्म/अध्यात्म
Spread the love

  • आयोजन में सभी धार्मिक, सामाजिक संस्थानों का लिया जाएगा सहयोग

रांची। झारखंड की राजधानी रांची के हरमू मैदान में 15 से 21 जनवरी, 2023 तक श्रीराम कथा का आयोजन होगा। श्री राम कथा सेवा समिति के सानिध्य में यह होगा। राजन महाराज श्री राम कथा का उपस्थित श्रोताओं को अमृत पान कराएंगे।

रांची के सभी धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं का सहयोग कथा में लिया जाएगा। कथा के सफल आयोजन के लिए समिति का गठन भी जल्द किया जाएगा। इसमें आयोजन से संबंधित सेवा भाव कार्यक्रम के लिए विभागीय संयोजक बनाया जाएगा।

आयोजन में 100 से भी ज्यादा लोग अपनी सेवा दे रहे है। कथा का समय दोपहर 2 बजे से सायं 6 बजे तक रहेगा। रामकथा आयोजन के कथा स्थल पर 50 हजार स्क्वायर फीट का  वाटरप्रूफ विशाल पंडाल बनाया जाएगा। इसमें 5000 से भी ज्यादा लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। पंडाल के अंदर गद्दे व चादर की उपलब्धता होगी। बुजुर्गों के लिए कुर्सियों की व्यवस्था रखी गई है।

महिला और पुरुष की अलग-अलग बैठने की व्यवस्था रहेगी। पंडाल के अंदर लाइट के संग बड़ी एलईडी की भी सुविधा उपलब्ध रहेगी। श्रोताओं की सुविधा का पूर्ण ख्याल रखा जाएगा। पंडाल के बाहर पीने के पानी, चरण पादुका रखने, शौचालय की व्‍यवस्‍था होगी।

प्रतिदिन प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था रहेगी। सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम समिति द्वारा किया जाएगा। सुरक्षा के लिए प्रशासन से कथा के समय सहयोग का आग्रह किया गया है।

रांची के आसपास जिलों से आने वाले श्रद्धालु भक्तों के लिए पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। 7 दिनों तक चलने वाले महाकुंभ में कथा श्रवण करने आने वालों के लिए समिति पूरी तरह व्यवस्था में लगी हुई है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में मनीष साहू, प्रकाश धेलिया, श्रवण अग्रवाल, प्रेमचंद श्रीवास्तव, बसंत गौतम, मुकेश काबरा, प्रमोद सारस्वत, सज्जन पाड़िया, सुरेश चंद अग्रवाल, नेमीचंद अग्रवाल, प्रवीण मोदी, मुकेश अग्रवाल, गुड्डू गोयनका, लड्डू अग्रवाल, कमल सिंघानिया सहित काफी संख्या में लोग लगे हुए हैं।