DAESI कोर्स पास करने वालों को डीएओ ने सौंपा प्रमाण पत्र, कहा- अपने फायदे के लिए किसानों का नहीं करें नुकसान

झारखंड कृषि
Spread the love

  • रांची जिला कृषि कार्यालय सभागार में कार्यक्रम आयोजित

रांची। हैदराबाद स्थित मैनेज कृषि उपादान विक्रेताओं के लिए एक वर्षीय DAESI कोर्स का संचालन कर रहा है। इसमें उत्तीर्ण खाद, बीज और कीटनाशी विक्रेता को 20 अगस्‍त को प्रमाण पत्र दिया गया। कार्यक्रम रांची जिला कृषि कार्यालय सभागार में 20 अगस्‍त को हुआ। इसमें रांची जिला कृषि पदाधिकारी विकास कुमार एवं उपस्थित अन्य पदाधिकारी ने उन्‍हें प्रमाण पत्र सौंपा। 

इस अवसर पर विकास कुमार ने विक्रेताओं से कोर्स के दौरान अर्जित ज्ञान को किसानों तक पहुंचाने की अपील की। उन्‍होंने कहा कि किसान हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ होते हैं। इसलिए उन्हें मौसम के अनुरूप जरूरत आधारित सलाह देते हुए कृषि उपादान उचित मूल्य पर उपलब्ध कराएं। किसान एक फसल के लिए चार माह इंतजार करते हैं। तब उनके खेतों से फसल पैदा होता है। इसलिए कृषि व्‍यवसाय से जुड़े सभी लोगों का नैतिक दायित्व है कि किसानों की हर संभव मदद करें।

जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा विक्रेताओं से कृषि संबंधित प्रश्न पूछे गए, जिसका जवाब उन्‍होंने दिया। उन्होंने सभी को सलाह दी कि कभी भी अपने फायदे के लिए किसान का नुकसान नहीं करें। विक्रेताओं ने बताया कि इस पाठयक्रम द्वारा उन्हें अच्छी जानकारी मिली है। इसका लाभ किसानों को मिलेगा।

कार्यक्रम में 40 कृषि उपादान विक्रेताओं के साथ-साथ जिला अभियंत्रण पदाधिकारी, जिला योजना एवं मूल्यांकन पदाधिकारी, सहायक कृषि निदेशक (योजना), सहायक कृषि पदाधिकारी, संजय सिंह, प्रदीप सरकार उपस्थिति थे।