बिहारः मोतिहारी कोर्ट प्रांगण में अपराधियों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, अदालत के इस कर्मचारी की मौत

बिहार देश
Spread the love

मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण के मोतिहारी कोर्ट परिसर से बड़ी खबर सामने आ रही है। कोर्ट परिसर में अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की है। इस दौरान अपराधियों ने कोर्ट के कर्मी संजय ठाकुर को निशाना बनाया।

संजय ठाकुर को अपराधियों ने तीन गोलियां मारी हैं। इसके बाद सभी अपराधी फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गये। घायल संजय ठाकुर की मौत इलाज के दौरान हो गयी।

मोतिहारी कोर्ट परिसर में अपराधियों द्वारा की गयी गोलीबारी के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने चार खोखा बरामद किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।

मोतिहारी कोर्ट परिसर में गोली की आवास सुनकर हड़कंप मच गया। मृतक कोर्ट कर्मी की पहचान मोतिहारी के अगरवा निवासी संजय ठाकुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मृतक आदेशपाल तुरकौलिया थाना क्षेत्र के सेमरा निवासी थे।

वे फिलहाल मोतिहारी शहर के अगरवा में रहते थे। लोगों ने बताया कि अनुमंडल व्यवहार न्यायालय के गेट पर बस से उतरते ही पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना के बाद पहुंची पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज निकालने में जुटी है।

कोर्ट परिसर में ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर अपराधियों का फरार हो जाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल जरूर उठ रहे हैं। कोर्ट कर्मी को गोली क्यों मारी गयी है, इसका कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।