रांची से चलनी वाली विभिन्न ट्रेनों के विस्तारीकरण को लेकर रेलवे बोर्ड के चेयरमैन से मिले सांसद

झारखंड
Spread the love

रांची। रांची के सांसद संजय सेठ ने नई दिल्ली में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन विनय कुमार त्रिपाठी से 6 जुलाई को मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने रांची से चलनी वाली विभिन्न ट्रेनों के विस्तारीकरण करने की मांग रखी।

सांसद ने ट्रेन संख्या 12825/12826 झारखंड संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (जो आनंद विहार तक जाती है) उसे जयपुर तक चलाने का आग्रह किया। उन्होंने चेयरमैन को बताया कि झारखंड से लखनऊ जाने के लिए अभी कोई ट्रेन रांची से नहीं है। कोरोना शुरू होने के पूर्व वाराणसी ट्रेन का परिचालन रांची से होता था, लेकिन अभी इसका परिचालन बंद है।

व्यापारिक एवं धार्मिक दृष्टिकोण से 18611/18612 रांची वाराणसी महुआडीह एक्सप्रेस का मार्ग परिवर्तित करते हुए (लोहरदगा टोरी लाइन) से करते हुए सप्ताह में दो दिन इसका विस्तार लखनऊ तक किया जाए। इससे लोहरदगा टोरी नई लाइन का उपयोग भी होगा। साथ ही लोहरदगा, गुमला के साथ डालटनगंज, गढ़वा, टोरी के हजारों यात्रियों को इसकी सुविधा प्राप्त होगी।

सांसद ने कहा कि रांची से विंध्याचल दर्शन करने के लिए काफी संख्या में भक्त जाते हैं। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन संख्या 18632/18632 रांची चोपन एक्सप्रेस का विस्तार चोपन के बाद वाया सोनभद्र, चुनार, मिर्जापुर, विंध्याचल होकर प्रयागराज तक किया जाए।

साथ ही, ट्रेन संख्या 18611/18612 रांची वाराणसी महुआडीह एक्सप्रेस का मार्ग परिवर्तन करते हुए लोहरदगा टोरी लाइन से सप्ताह में दो दिन गोरखपुर तक चलाई जाए।