
- प्रवीण जैन छाबड़ा बने रांची प्रमंडल के चुनाव प्रतिनिधि
रांची। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन का चुनाव 31 जुलाई को विभिन्न 6 प्रमंडलों के चयनित जिलों में होगा। सम्मेलन के सत्र 2022-24 में प्रांतीय अध्यक्ष पद के लिये 2 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जमशेदपुर के अशोक कुमार भलोटिया और रांची के बसंत कुमार मित्तल के बीच मुकाबला है।
झारखंड के 6 प्रमंडलों के अंतर्गत 11 जिलों एवं 2 अनुमंडल में मारवाड़ी सम्मेलन के सदस्य मतदान में शामिल होंगे। रांची प्रमंडल के अंतर्गत रांची जिला मुख्यालय में गुमला, खूंटी, लोहरदगा, सिमडेगा जिले के सदस्य मतदान करेंगे।
कोल्हान प्रमंडल के अंतर्गत जमशेदपुर में पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले के सदस्य शामिल होंगे। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सदस्य चाईबासा मुख्यालय में मतदान करेंगे।
धनबाद प्रमंडल के अंतर्गत धनबाद में धनबाद के सदस्य, गिरिडीह में गिरिडीह के सदस्य, बोकारो में बोकारो के सदस्य और बेरमो अनुमंडल में बेरमो शाखा के सदस्य मतदान करेंगे।
हजारीबाग प्रमंडल के अंतर्गत हजारीबाग में हजारीबाग जिला मुख्यालय, चतरा, कोडरमा जिले के सदस्य और रामगढ़ में रामगढ़ के सदस्य मतदान करेंगे।
संथाल प्रमंडल के अंतर्गत दुमका जिला मुख्यालय में गोड्डा, पाकुड़, साहेबगंज जिले के सदस्य और देवघर में देवघर और जामताड़ा जिले के सदस्य, मधुपुर अनुमंडल में मधुपुर शाखा के सदस्य मतदान करेंगे।
पलामू प्रमंडल के अंतर्गत डालनगंज जिला मुख्यालय में लातेहार, गढ़वा के सदस्य मतदान करेंगे।
प्रांतीय चुनाव समिति के मुख्य चुनाव पदाधिकारी विनोद कुमार जैन, चुनाव पदाधिकारी कमल केडिया और मनोज बजाज ने बताया कि 31 जुलाई को प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के चुनाव में 3586 आजीवन, संरक्षक एवं विशिष्ठ संरक्षक सदस्य मतदान करेंगे। समस्त सदस्य अपने-अपने प्रमंडलों के उपरोक्त जिलों और अनुमंडल केंद्र में मतदान में शामिल होंगे।
मुख्य चुनाव पदाधिकारी विनोद जैन ने बताया कि रांची प्रमंडल में प्रवीण जैन छाबड़ा, धनबाद प्रमंडल में डीएन चौधरी, हजारीबाग प्रमंडल में गोविंद मेवाड़, संथाल प्रमंडल में प्रदीप बाजला, पलामू प्रमंडल में विनोद महलका और कोल्हान प्रमंडल में संतोष अग्रवाल को प्रमंडलीय चुनाव प्रतिनिधि मनोनीत किया गया है।
चुनाव पदाधिकारी मनोज बजाज ने कहा कि सभी जिला के प्रथम मतदान मतदाता को जागरूक मतदाता प्रमाण पत्र भी प्रमंडलीय चुनाव प्रतिनिधि द्वारा प्रदान किया जायेगा। उन्होंने कहा कि समाज व संगठन की मजबूती के लिए मतदान में शामिल होकर चुनाव कार्य को सफल बनाने की अपील की है।
चुनाव पदाधिकारी कमल कुमार केडिया ने कहा कि मतदान के बाद सभी मतपेटी प्रांतीय मुख्यालय, रांची में लाया जाएगा। मतगणना 1 अगस्त, 2022 को मारवाड़ी भवन, हरमू रोड, रांची में किया जाएगा।
प्रांतीय अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल और प्रांतीय महामंत्री पवन शर्मा ने बताया कि मतदान में सदस्यों के नाम की सूची प्रांतीय चुनाव समिति द्वारा जारी सदस्यता सूची मे प्रेषित होगा, वही मतदान कर सकेंगे l सभी आजीवन सदस्यों को भारत सरकार द्वारा जारी पहचान पत्र (पेन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर कार्ड) दिखाना अनिवार्य है। चुनाव में सभी मतदाताओं एवं वरिष्ठ जनों की सुविधाओं का विशेष व्यवस्था की गई है।