एलआईसी ने हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे एवं निक्की प्रधान को दी 10-10 लाख की प्रोत्साहन राशि

झारखंड खेल
Spread the love

रांची। भारतीय जीवन बीमा निगम लिमिटेड (एलआईसी) ने हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे और निक्की प्रधान को 10-10 लाख की प्रोत्साहन राशि दी। एलआईसी के रांची के डंगरा टोली स्थित शाखा-2 कार्यालय में 17 अक्‍टूबर को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

उक्‍त समारोह में दोनों खिलाड़ियों को एलआईसी की तरफ से प्रोत्साहन राशि के रूप में 10-10 लाख रुपये का चेक सौंपा गया। समारोह में मुख्य रूप से जमशेदपुर वरीय मंडल प्रबंधक सूर्य नारायण पंडा, विपणन प्रबंधक प्रशांत कुमार साहू, विक्रय प्रबंधक अभय कुमार सुमन, रांची शाखा प्रबंधक अनूप लाल किस्कू उपस्थित थे।

मौके पर सूर्य नारायण पंडा ने कहा कि भारतीय जीवन बीमा निगम लिमिटेड सदैव ऐसे संघर्षशील खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते आया है। यह झारखंड के लिए गर्व का विषय है कि हमारी बेटियां झारखंड से निकल पूरे विश्व में अपना परचम लहरा रही है।

विपणन प्रबंधक प्रशांत कुमार साहू ने कहा कि झारखंड के ग्रामीण क्षेत्र खूंटी और सिमडेगा जैसे स्थानों से निकलकर बेटियां कांस्य पदक जीत रही है। यह झारखंड समेत पूरे भारत के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रोत्साहन राशि के माध्यम से झारखंड की बेटियां खेल के क्षेत्र और भी बेहतर कार्य करेंगी।

अभय कुमार सुमन ने कहा कि बेटियों का आगे बढ़ना यह दर्शाता है कि हमारा भारत और झारखंड कितना आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि‍ झारखंड की बेटियों में कला कुशलता और निपुणता की कोई कमी नहीं। जरूरत है उन्हें निखारने की।

सम्मान समारोह में रांची शाखा के सभी कर्मचारी, भारतीय जीवन बीमा के एजेंट मौजूद थे।