कैंप लगाकर होगा प्रारंभिक शिक्षकों की वार्षिक वेतन वृद्धि और सेवा सत्यापन

झारखंड
Spread the love

  • जिला शिक्षा अधीक्षक ने जारी किया आदेश

रांची। प्रारंभिक शिक्षकों की सेवा सत्‍यापन और वार्षिक वेतन वृद्धि के लिए कैंप लगाया जाएगा। इसका आदेश रांची जिला शिक्षा अधीक्षक कमला सिंह ने जारी कर दिया है। इससे पहले इस मामले को लेकर 9 जुलाई को अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ की रांची जिला इकाई का एक प्रतिनिधिमंडल उनसे मिला था।

संघ ने जिला शिक्षा अधीक्षक कमला सिंह से मिलकर प्राथमिक और मध्य विद्यालय के लगभग 3500 शिक्षकों की वार्षिक वेतन वृद्धि एवं सेवा सत्यापन के लिए कैंप लगाने की मांग की। त्वरित कार्रवाई करते हुए इस आलोक में ि‍जिला शिक्षा अधीक्षक ने आदेश जारी कर दिया।

आदेश के मुताबिक 12 और 13 जुलाई को एक साथ कैंप लगाये जाएंगे। रांची सदर के लिए बीआरसी रांची, रांची एक और दो के लिए क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय रांची, बेड़ो के लिए बीआरसी बेड़ो, मांडर के लिए बीआरसी मांडर, अनगड़ा के लिए बीआरसी अनगड़ा और बुंडू के लिए बीआरसी बुंडू में कैंप लगाये जाएंगे।

कैंप लगाकर प्राथमिक और मध्य विद्यालय के शिक्षकों की वार्षिक वेतन वृद्धि और सेवा पुस्तिका में प्रविष्टि करने एवं सेवा सत्यापन का काम किया जाएगा। सभी जिले के क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी, अवर विद्यालय निरीक्षक रांची वन और दो, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी एवं निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी रांची को आदेश दिया गया है। साथ ही, आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रतिवेदन डीएसई कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है।

प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र चौबे, मुख्य प्रवक्ता नसीम अहमद, जिला महासचिव कृष्णा शर्मा, संजय कुमार, आनंद लाल और प्रकाश चंद्र शामिल थे।