उत्तर प्रदेशः मुलायम सिंह यादव की पत्नी का निधन, सीएम योगी ने जताया शोक

उत्तर प्रदेश देश
Spread the love

उत्तर प्रदेश। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता का लंबी बीमारी के बाद शनिवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया।

वह 62 साल की थीं और लंबे से फेफड़ों के संक्रमण से जूझ रही थीं। पिछले दिनों तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इसके बाद हालत अधिक बिगड़ने पर दो दिन पहले उन्हें ICU में स्थानांतरित कर दिया गया था। दोपहर में उन्होंने अस्पताल में आखिरी सांस ली।

बता दें कि मुलायम सिंह ने 2003 में पहली पत्नी मालती देवी के निधन के बाद 20 साल छोटी साधना को पत्नी का दर्जा दिया था। हालांकि, इसके पहले भी साधना के बेटे प्रतीक यादव के स्कूल में पिता के नाम की जगह मुलायम सिंह यादव ही लिखा जाता था।

साधाना की शादी 4 जुलाई, 1986 को फर्रुखाबाद के व्यापारी चंद्रप्रकाश गुप्ता से हुई थी। इससे उन्होंने बेटे प्रतीक यादव को जन्म दिया था। 1989 में उनका चंद्रप्रकाश से तलाक हो गया था।

अखिलेश यादव की बायोग्राफी ‘बदलाव की लहर’ में मुलायम सिंह और साधना के रिश्ते का भी जिक्र है।
इसमें बताया गया है कि मुलायम सिंह की मां मूर्ती देवी अक्सर बीमार रहती थीं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस दौरान साधना गुप्ता नर्स के तौर पर उनकी देखभाल करती थीं।
एक बार सैफई मेडिकल कॉलेज में एक नर्स गलत इंजेक्शन लगा रही थी, तो साधना ने ही उन्हें रोका था। इससे मुलायम सिंह काफी प्रभावित हुए थे।

साधना गुप्ता समाजवादी पार्टी की राजनीति में काफी सक्रिय रही थीं। हालांकि, मुलायम सिंह से विवाह होने के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति छोड़ दी। वह औरैया जिले के बिधूना की रहने वाली थीं। उनका परिवार भी राजनीति में सक्रिय था। उनके भाई प्रमोद कुमार गुप्ता समाजवादी पार्टी में सक्रिय थे और वे 16वीं विधानसभा में विधायक रह चुके हैं।

साधना गुप्ता के निधन की खबर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया, ‘मुलायम सिंह जी की पत्नी के निधन की अत्यंत दुखद खबर मिली है। भगवान राम उनकी आत्मा को मोक्ष प्राप्त करने में मदद करें और परिवार को दुख सहने की शक्ति दें।’

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा, ‘मुलायम सिंह जी की पत्नी के निधन की दुखद खबर मिली। मैं दिवंगत आत्मा की शांति देने और परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं।’

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लिखा, ‘मुलायम सिंह जी की धर्मपत्नी श्रीमती साधना गुप्ता के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना करता हूं।’