लाइव कंसर्ट के दौरान हार्ट अटैक से गायक केके का निधन, देखे प्रोग्राम का वीडियो

अन्य राज्य देश मुख्य समाचार
Spread the love

कोलकाता। बॉलीवुड के मशहूर गायक केके का निधन हो गया। कोलकाता में वह लाइव कंसर्ट कर रहे थे। इस दौरान उन्‍हें दिल का दौरा पड़ा। इसके बाद उन्‍हें कलकत्ता मेडिकल रिसर्च इंस्टिट्यूट ले जाया गया। वहां डॉक्‍टरों ने जांच के बाद उन्‍हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश के तमाम हस्तियों ने शोक जताया है।

जानकारी के मुताबिक केके का पूरा नाम कृष्णकुमार कुन्नाथ था। वह केके के नाम से ही मशहूर थे। वे 31 मई की रात कोलकाता के नररुल में ऑडिटोरियम में लाइव कंसर्ट कर रहे थे। इस दौरान रात करीब 10.30 बजे ये हादसा हुआ। केके फिल्‍म ‘हम दिल दे चुके सनम’ के गीत ‘ऐसा क्‍या गुनाह किया’ से मशहूर हुए थे। उन्‍होंने हिन्‍दी, कन्‍नड़, तेलगु सहित कई भाषाओं में गाने गये।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने शोक संदेश में कहा कि केके के नाम से प्रसिद्ध गायक कृष्णकुमार कुन्नाथ के असामयिक निधन से दुखी हूं। उनके गीतों ने भावनाओं की एक विस्तृत श्रृंखला को दर्शाया है। हम उन्हें उनके गानों के जरिए हमेशा याद रखेंगे। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ऊं शांति:।

सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कृष्णकुमार कुन्नथ (केके) ने अपनी बेहतरीन गायकी से लोगों के दिलों में अपनी अलग जगह बनाई है। यूं अचानक उनके देहावसान की खबर स्तब्ध कर देने वाली है। अत्यंत दुःखद…उनका जाना संगीत जगत की बहुत बड़ी क्षति है जिसकी भरपाई असंभव है।

टीएमसी के नेता बाबुल सुप्रियो ने कहा कि वे बेहतरीन संगीतकार थे। वे बहुत शांतिपूर्ण जीवन जीते थे। संगीत की दुनिया में केके की आवाज़ का बड़ा योगदान रहा है। हम उन्हें किसी पार्टी में देखते भी नहीं थे। वे आते थे, गाना गाते थे और चले जाते थे। उनका जाना काफी दुखद है।