आईसीएआई के ‘प्रवाह’ में फाइनेंसियल मार्केट्स पर होगी चर्चा

झारखंड
Spread the love

  • देश भर से शामिल होंगे 600 डेलीगेट्स

रांची। फाइनेंसियल मार्केट्स पर दो दिवसीय अखिल भारतीय कांफ्रेंस ‘प्रवाह’ का 25 और 26 जून, 2022 को रांची में डिबडीह स्थित द कार्निवाल हॉल में होगा। दी इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया, नई दिल्ली की कमेटी फॉर फाइनेंसियल मार्केट्स एंड इन्वेस्टरस प्रोटेक्शन के तत्वावधान में इंस्टिट्यूट की रांची शाखा इसका आयोजन कर रही है। यह जानकारी इंस्टिट्यूट की रांची शाखा के अध्यक्ष प्रभात कुमार ने 24 जून को प्रेस को दी।

अध्‍यक्ष ने बताया कि इस कांफ्रेंस में गुड्स एंड सर्विस टैक्स, आयकर, कंपनी लॉ, फाइनेंसियल मारर्केट्स के प्रावधानों पर देश के विख्यात विशेषज्ञ चर्चा करेंगे। कमेटी फॉर फाइनेंसियल मार्केट्स एंड इंवेस्‍टर्स प्रोटेक्शन के अध्यक्ष और सेंट्रल कौंसिल सदस्य अनुज गोयल भी उपस्थित डेलीगेट्स को संबोधित करेंगे।

गुड्स एंड सर्विस टैक्स, आयकर, कंपनी लॉ, फाइनेंसियल मारर्केट्स जैसे विषयों में निरंतर बदलाव आये हैं। एक जिम्मेदार प्रोफेशनल होने के नाते इन परिवर्तनों का ज्ञान होना वर्तमान में आवश्यक है। क्योंकि करदाता एवं व्यापारियों को सरकार की नयी नीतियों से चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ही अवगत कराते हैं।

प्रभात कुमार ने बताया कि‍ ‘प्रवाह’ में वेल्थ क्रिएशन थ्रू इक्विटी मार्किट पर बेंगलुरु के बीवी रूद्र मूर्ति, गुड्स एंड सर्विस टैक्स और कैपिटल मार्किट पर नई दिल्ली के कपिल वैस, बढ़ती वित्तीय अनिमियतता और उसे रोकने में चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की भूमिका पर नई दिल्ली से जेके मित्तल, आयकर और कैपिटल मार्किट पर नई दिल्ली के डॉ गिरीश आहूजा एवं कंपनी लॉ पर नई दिल्ली के कमल गर्ग अपने विचार रखेंगे। कांफ्रेंस में पूरे देश से 600 चार्टर्ड एकाउंटेंट्स और अन्य प्रोफेशनल भाग लेंगे।

मौके पर कांफ्रेंस के कन्वेनर जेपी शर्मा समेत रीजनल कौंसिल मेंबर मनीषा बियानी, पूर्व अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, उपाध्यक्ष पंकज मक्कड़, सचिव अभिषेक केडिया, कोषाध्यक्ष हरेंद्र भारती, स्टूडेंट्स एसोसिएशन अध्यक्ष निशांत मोदी, कार्यकारिणी सदस्य श्रद्धा बाग्ला और उमेश कुमार, सदस्य अंकित राजगढ़िया, नीलेश पटेल, सोनित अग्रवाल, रविकांत समोटा, सुरेंद्र विश्वकर्मा भी उपस्थित थे।