पुलिस थाने में ही महिला सिपाही से रेप की कोशिश, थाना प्रभारी ने आरोपी पुलिसकर्मी को भेजा जेल

देश बिहार
Spread the love

खगड़िया। बिहार के एक पुलिस थाने में एक पुलिसकर्मी ने महिला सिपाही के साथ रेप की कोशिश और गलत तरह से छेड़खानी की। जब महिला सिपाही ने विरोध जताया तो आरोपी ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया। महिला सिपाही के चिल्लाने पर अन्य महिला पुलिसकर्मियों की आंख खुल गई और आरोपी पुलिसकर्मी को पकड़ लिया गया। बाद में महिला सिपाही ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया, जिसके आधार पर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

खबर के मुताबिक, खगड़िया में महेशखूंट थाने के मुंशी ने एक सोती हुई महिला सिपाही के साथ छेड़छाड़ और जबरदस्ती की। लेकिन वह कामयाब नहीं हो पाया और पकड़ा गया। महिला सिपाही ने इस बात की तुरंत जानकारी थाना प्रभारी नीरज कुमार को दी। नीरज कुमार ने तुरंत कार्यवाही करते हुए आरोपी पुलिसकर्मी को हिरासत में ले कर शिकायत दर्ज होने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

इस मामले में इलाके के एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि डीएसपी को जांच के आदेश दिए गए हैं। महिला सिपाही की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मुंशी को जेल भेज दिया गया है।

दूसरी ओर थाने में ही होने वाली ऐसी घटना ने लोगों के मन में सवाल खड़े कर दिए हैं। जब महिलाएं थाने में ही सुरक्षित नहीं हैं तो बाहर उनकी सुरक्षा क्या गारंटी है।