तंजानिया। सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी अभिनीत फिल्म ‘शेरशाह’ के गाने पर लिप-सिंक करने करके भारतीयों के दिल में जगह बनाने वाले किली पॉल के फैंस के लिए चिंता की खबर है। सोशल मीडिया के पॉपुलर क्रिएटर किली पॉल पर अज्ञात लोगों ने चाकू से हमला किया है और उन्हें लाठियों से भी पीटा गया है।
किली पॉल ने इंस्टाग्राम स्टोरी में एक वीडियो साझा किया है जिसमें वह अपने अंगूठे में पट्टी और पैरों पर चोट के निशान के साथ एक स्ट्रेचर पर लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि पॉल पर हमला कैसे हुए और किसने किया है इसकी अभी कोई जानकारी नहीं मिली है। तंजानिया के रहने वाले पॉल को उनकी बहन नीमा के साथ लिप-सिंकिंग और हिंदी फिल्म के गीतों पर डांस वाले वीडियो के लिए जाना जाता है। उन्हें इस साल फरवरी में तंजानिया में भारतीय उच्चायोग द्वारा सम्मानित किया गया था। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अवॉर्ड के बारे में पोस्ट भी किया था। पॉल की प्रशंसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कर चुके हैं।
फरवरी में अपने मन की बात संबोधन के दौरान प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने किली पॉल और उनकी बहन के काम के बारे में बात की थी। पीएम मोदी ने युवाओं से विभिन्न भाषाओं में प्रसिद्ध भारतीय गीतों के वीडियो बनाने का आह्वान किया था। उन्होंने कहा था कि यह न केवल उन्हें लोकप्रिय बनाएगा बल्कि नई पीढ़ी को देश की विविधता को भी प्रदर्शित करेगा।