सुपौल में नाव पलटने से 12 लोग कोसी नदी में डूबे

देश बिहार
Spread the love

पटना। दुखद खबर बिहार के सुपौल से आ रही है, जहां नदी थाना क्षेत्र की घोघररिया पंचायत के घोघररिया घाट पर नाव पलटने से 12 लोग डूब गये। इसमें से 10 लोगों ने तैरकर अपनी जान बचायी है, जबकि दो लड़की अब भी लापता है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि नाव पर सवार सभी लोग कोसी नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया। लोगों ने बताया कि जैसे ही घाट पर नाव पहुंचने वाली थी। अचानक बीच कोसी नदी की मुख्यधारा में नाव में पानी भर गया और नाव डूब गई। इसमें घोघररिया पंचायत के वार्ड नंबर-7 निवासी अमरेंद्र यादव की 14 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी एवं वार्ड नंबर-15 खुखनाहा निवासी भागवत राय की 16 वर्षीय पुत्री माला कुमारी नदी में बह गई हैं।

लोगों ने बताया कि नाव छोटी थी और उसपर 12 लोग सवार थे। बाकी लोग तैरकर बाहर निकल गये। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना अंचलाधिकारी समेत थाने को दी। घटना की जानकारी मिलते ही आस-पास के लोग भी घाट पर पहुंच गये। ग्रामीण भी लापता दोनों लड़कियों की खोजबीन में जुट गये हैं। फिलहाल प्रशासन के अधिकारी और एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंच लापता लड़कियों की तलाश कर रही है।