मलेशिया में फंसे 10 मजदूरों की कल होगी वतन वापसी

झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

बोकारो। मलेशिया में फंसे 30 में से 10 मजदूरों के पहले जत्थे की 26 अप्रैल को वतन वापसी हो रही है। वतन वापसी के लिए सोमवार शाम को  मजदूर मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर से उड़ान भरेंगे। सभी 26 अप्रैल की सुबह को चेन्नई पहुंच जाएंगे। शेष बचे 20 मजदूरों को अभी तक टिकट नहीं मिल पाया है।

मजदूरों के वापस आने की खबर से परिजनों में खुशी का माहौल हैं। पहले जत्थे में वतन लौटने वाले मजदूरों में बगोदर प्रखंड के गिरिडीह जिले के डुमरी प्रखंड अंतर्गत घुटबाली के विनोद महतो, सेवाटांड के देवानंद महतो, बगोदर प्रखंड अंतर्गत खेतको के विनोद कुमार, बासुदेव महतो, बुधन महतो, रामेश्वर महतो, बोकारो जिले के नावाडीह प्रखंड अंतर्गत महुवाटांड के झरी कमार गोमियां प्रखंड अंतर्गत तिसकोपी प्रेमलाल महतो, दशरथ महतो, हजारीबाग जिले के बिष्णुगढ़ प्रखंड अंतर्गत चानो के भुनेश्वर महतो शामिल हैं।

प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले समाजसेवी सिकंदर अली ने कहा कि यह पहला मौका नहीं है, जब दलालों के चक्कर में पड़कर गरीब लोग विदेशों में जाकर फंसे हैं। पहले भी ऐसे कई मामले सामने आए हैं। इस मामले में भी दलाल ने मजदूरों को ज्यादा पैसे कमाने का लालच देकर मलेशिया पहुंचा दिया।