एनएच पर खड़े भारी वाहनों की वजह से हुई दुर्घटना में महिला की मौत

अन्य राज्य देश
Spread the love

संजय कुमार सिन्‍हा

बड़बिल (ओडिशा)। राष्ट्रीय राजमार्ग 520 के मुख्‍य मार्ग पर खड़े भारी वाहनों की वजह से एक महिला की मृत्‍यु हो गई। घटना जोड़ा प्रखंड के रूगुडीह थाना क्षेत्र में ओडिशा माइनिंग कार्पोरेशन द्वारा संचालित गुवाली लौह अयस्क खदान के गेट तोपाडीह के समीप घटी। यहां स्कूटी चालक महिला को अज्ञात भारी वाहन ने अपने चपेट में ले लिया। घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान जीलेश्‍वरी आपट के रूप में हुई।

महिला अपने निवास स्थान रुगुडीह से सुबह लगभग 7 बजे गुवाली आ रही थी। तोपाडीह में  ओएमसी की संचालित खदान में लोडिंग के लिए आए भारी वाहनों द्वारा बीच सड़क पर पार्किंग कर दिया गया था। अवरोध के कारण उक्त महिला दूसरी साईड के मार्ग से जाना चाही। इस दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात भारी वाहन से ठोकर लगी। महिला गिर गई। अज्ञात भारी वाहन महिला को कुचलते हुए फरार हो गया।

आक्रोशित ग्रामीणों ने पांच-छह घंटों मुख्य सड़क को जाम किया। उक्त महिला आशा कर्मी के रूप मे भी काम कर रही थी। अच्छे कार्य के कारण तीन बार पुरस्कृत भी हो चुकी थी। विदित हो कि ओडिशा माइंनिग कार्पोरेशन संचालित गुवाली लौह खादान में लोडिंग के लिए आए भारी वाहनों की पार्किंग राष्ट्रीय राजमार्ग 520 के मुख्य मार्ग पर रहती है।

फोरलेन होने के बावजूद भारी वाहनों की पार्किंग के कारण लोग आवागमन के लिए दूसरी साइड के मार्ग को चुनते है। इससे आये दिन दुर्घटना होती है। लोगों की जान जाती है। मुख्य मार्ग पार्किंग से अवरोध होने के वावजूद रूगुडीह पुलिस प्रशासन चुप्पी साधे रहते हैं।