दिल्ली विधानसभा में झंडा न फहराने को लेकर जमकर हुआ हंगामा, आमने-सामने आए विधायक

देश नई दिल्ली
Spread the love

नई दिल्ली। बृहस्पतिवार को दिल्ली विधानसभा में RSS के नाम पर जोरदार हंगामा हुआ। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच खूब नारेबाजी हुई। दरअसल सत्ता पक्ष के विधायक सोमनाथ भारती ने कहा कि मालवीय नगर के पार्क में RSS के लोग तिरंगा नहीं फहराने दे रहे।

उन्होंने कहा कि RSS का राष्ट्रवाद छद्म है, 52 साल से इसने तिरंगा नहीं, बल्कि अपना ही झंडा फहराया है। भाजपा विधायकों ने इसका जमकर विरोध किया। इसी के बाद दोनों पक्षों में खूब नारेबाजी हुई। विधानसभा स्पीकर ने भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता और जितेंद्र महाजन को मार्शल आउट किया। इसके बाद महाजन को दिन भर की कार्यवाही से भी निलंबित कर दिया गया।

सत्र के दौरान सत्ता पक्ष RSS हाय-हाय के नारे लगा रहा था, जबकि भाजपा विधायक टुकड़े-टुकड़े गैंग की बात करते रहे। उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इसे बहुत गंभीर मसला बताया। उन्होंने कहा कि अगर कोई भाजपा नेता या पार्षद तिरंगा लगाने से रोकता है तो इससे बड़ा देशद्रोह नहीं हो सकता।

वहीं, एक दिन पहले यानी बजट सत्र के पहले दिन दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के विधायकों ने विधानसभा में फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ को कर-मुक्त किए जाने की मांग को लेकर उपराज्यपाल अनिल बैजल के अभिभाषण में व्यवधान डाला था।