सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी के इस प्रतिनिधि की मौत, आग में झुलसने के कारण हुआ हादसा

झारखंड
Spread the love

धनबाद। गिरिडीह के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी के सौरभ कुमार महतो उर्फ गोलू (30) की मौत आग में झुलसने के बाद इलाज के दौरान हो गई। सौरभ अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। वह टाटा स्टील झरिया डिवीजन का सांसद प्रतिनिधि और सिजुआ 12 नंबर निवासी था। वह इलाके की सामाजिक गतिविधियों में अग्रणी भूमिका निभाता था।

परिजनों के अनुसार गोलू अपने घर में चाय बना रहा था कि उसी क्रम में उनके कपड़े में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। चीख-पुकार सुन कर परिजन उस तक पहुंचे, तब तक वह काफी झुलस चुका था। उसे आनन-फानन में गंभीर अवस्था में भेलाटांड़ के टाटा फीडर अस्पताल ले जाया गया, जहां से गोलू की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बीजीएच बोकारो रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान रात को गोलू ने दम तोड़ दिया।

गौतम महतो के पुत्र सौरभ का शव टाटा सिजुआ 12 नंबर स्थित आवास पर लाया गया। वहां सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। अपने इकलौते पुत्र के शव को देख मां अचेत हो जा रही थी। गोलू की विवाहिता बहन की चीत्कार से पूरा महौल गमगीन हो गया। इधर निधन की खबर सुन कर पूर्व विधायक उमाकांत रजक, आजसू जिलाध्यक्ष मंटू महतो आदि सिजुआ पहुंचे और परिवार को ढांढ़स बंधाया।