होली को बदरंग करने की थी तैयारी, खाद्य पदार्थों में पाई गई मिलावट

झारखंड
Spread the love

  • 217 खाद्य पदार्थों का मोबाइल फूड सेफ्टी वैन से किया गया ऑन द स्पॉट क्वालिटी टेस्ट

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में होली को बदरंग करने की तैयारी थी। होली को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थ की बिक्री की रोकथाम के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में दो दर्जन से अधिक खाद्य पदा‍र्थों में मि‍लावट पाई गई।

विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में जांच

अनुमंडल पदाधिकारी-सह-अभिहित अधिकारी सदर, रांची के निर्देश पर 12 मार्च से जांच की जा रही है। रांची खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन द्वारा मोबाइल फूड सेफ्टी वैन के साथ रांची के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों जैसे- मिठाई दुकान, होटल, रेस्टोरेंट, स्ट्रीट फूड वेंडर्स, थोक एवं खुदरा विक्रेता इत्यादि में मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

26 खाद्य पदार्थों में मिलावट

अभियान के दौरान अब तक रांची में अलबर्ट एक्‍का चौक, एचबी रोड, लालपुर, जेल रोड, कचहरी, महात्मा गांधी मार्ग, कांके न्यू मार्केट, कांके ब्लॉक चौक, चर्च कॉम्प्लेक्स, बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के आसपास के क्षेत्रों से 217 खाद्य पदार्थों की मोबाइल फूड सेफ्टी वैन द्वारा ऑन स्पॉट गुणवत्ता की जांच की गई। इसमें 26 खाद्य पदार्थों में मिलावट पाई गई।

प्रतिष्ठानों पर विधि सम्मत कार्रवाई

जिन खाद्य प्रतिष्ठानों के खाद्य  सामग्री में मिलावट पाई गई है, उन पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 एवं उसके अधीन बने नियम और विनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही कारोबारियों एवं उपभोक्ताओं के बीच खाद्य सुरक्षा से संबंधित जागरुकता अभियान चलाया गया। सभी खाद्य कारोबारियों से अपील की गई कि वह फूड लाइसेंस लेकर ही खाद्य कारोबार करें।