जल सहिया को सम्‍मानित कर बोले डीसी, समय पर मानदेय देने का होगा प्रयास

झारखंड
Spread the love

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) और जन जीवन मिशन अंतर्गत ग्राम स्तर पर कार्यरत स्वच्छाग्राही व जल सहिया एवं अन्य महिलाओं को सम्मानित कि‍या गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रखंड परिसर स्थित नगर भवन में बुधवार को किया गया। मुख्‍य अतिथि उपायुक्त डॉ वाघमारे प्रसाद कृष्ण थे। उन्‍होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान छोटी पहल है। उन्हें ससमय उचित मानदेय देने का प्रयास करेंगे।

उपायुक्‍त ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को सरकार की योजनाओं से जोड़ने का प्रयोग वर्ष 1985 में महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में किया गया। उस समय 1000 बच्चों में लगभग 121 बच्चों की मौत हो जाती थी। जब महिलाओं को स्वास्थ्य कार्यक्रम से जोड़ा गया, तब स्वास्थ्य की दिशा में क्रांति आयी। मरने वाले बच्चों की संख्या 50 पर आ गयी। यह देश की आजादी के बाद पहली बार हुआ था। यह उस समय इंग्लैंड से प्रकाशित होने वाले ‘जर्नल’ में भी यह छपा था।

इसी प्रकार वर्ष, 2005 में ग्रामीण आरोग्य मिशन से महिलाओं को जोड़ा गया। सरकार के कार्यों में ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को जोड़ा जाने लगा। पेयजल एवं स्वच्छता से जुड़कर आज महिलाएं काम कर रही हैं, जो काफी चुनौतीपूर्ण है। महिलाएं जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन में बहुत ही बेहतर कार्य कर रही हैं।

विभाग को जल सहियायों को रोजगार से जोड़े जाने के लिए पहल की जानी चाहिए। जेएसएलपीएस और पीएचईडी को इस क्षेत्र में मिलकर कार्य करना चाहिए।

कार्यक्रम में समाज कल्याण पदाधिकारी मनीषा तिर्की द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को मुख्यमंत्री सुकन्या योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना की जानकारी दी गयी।

उपायुक्त ने कोविड-19 के दौरान बेहतर कार्य करने वाली 11 जल सहिया, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की 14 जल सहिया और 3 महिला प्रखंड समन्वयकों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में तेजस्विनी परियोजना से जुड़ी सदस्यों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये।