राजधानी रांची में टैक्स डिफॉल्टर और ओवरलोडेड वाहनों की जांच, वसूला 5.76 लाख जुर्माना

झारखंड
Spread the love

जिला परिवहन पदाधिकारी ने चलाया जांच अभियान

रांची। झारखंड की राजधानी रांची के कई इलाकों में नव वर्ष के पूर्व रांची जिला परिवहन पदाधिकारी प्रवीण प्रकाश ने 28 दिसंबर, 2022 को जांच अभियान चलाया। इस क्रम में करमटोली, कचहरी चौक, रातू रोड, रिंग रोड और कांके और ओरमांझी क्षेत्र में वाहनों की जांच की गई।

सुबह 4 बजे से जांच

जांच अभियान सुबह 4 बजे से 11 बजे तक चलाया गया। इस दौरान टैक्स डिफॉल्टर्स, ओवरलोडेड, बिना परमिट, प्रदूषण प्रमाण, बिना लाइसेंस, बिना हेलमेट एवं वाहन संबंधी अन्य कागजातों की जांच जिला परिवहन पदाधिकारी ने की।

57 वाहनों से वसूला जुर्माना

वाहन जांच के दौरान 156 वाहनों की जांच की गई। कार्यालय कर्मियों द्वारा बारी-बारी से सभी वाहनों के दस्तावेजों की जांच की गई। 57 वाहनों (मालवाहक वाहनों, हाइवा आदि) से 5 लाख 76 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

आगे भी जारी रहेगी जांच

वाहनों की जांच आगे भी जारी रहेगी। जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा नव वर्ष को देखते हुए सभी वाहन स्वामियों/चालकों से अनुरोध किया गया है कि वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं। वाहन संबंधित सभी कागजात अद्यतन रखें। साथ ही वाहनों में लदान क्षमता के अनुसार ही परिवहन करें।

शराब पीकर गाड़ी न चलाएं

जिला परिवहन पदाधिकारी ने वाहन स्वामियों से कहा कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें। शराब पीकर गाड़ी नहीं चलाएं। वर्ष 2022 में सबसे ज्यादा सड़क दुर्घटनाएं एवं मौतें दो पहिया वाहनों से हुई हैं। उन्होंने दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग करने की हिदायत दी।