कम राशन मिलने से फूटा कार्डधारियों का गुस्‍सा, प्रखंड मुख्यालय में किया प्रदर्शन

झारखंड
Spread the love

कांके (रांची)। झारखंड की राजधानी रांची के कांके प्रखंड मुख्यालय में राशन दुकानदारों के खिलाफ मदनपुर गांव के कार्डधारियों ने 14 मार्च को प्रदर्शन किया। कार्डधारियों ने दुकानदारों पर सरकार द्वारा निर्धारित मात्रा से कम अनाज दि‍ए जाने का आरोप लगाया। लाभुकों ने जमकर अधिकारियों के विरुद्ध नारेबाजी की।

कांके प्रखंड के मदनपुर गांव के राशन लाभुकों ने कांग्रेस नेता लालचंद सोनी के नेतृत्व में राशन डीलरों के भ्रष्टाचार के विरुद्ध प्रदर्शन किया। लाभुकों ने राशन डीलर, बीडीओ, बीएसओ और डीएसओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीण कई महिलाएं कम राशन मिले चावल की बोरी लेकर घर से 10 किलोमीटर दूर प्रखंड मुख्यालय पंहुची थी।

अंत्योदय और लाल कार्ड राशनधारि‍यों ने बताया कि राशन डीलरों द्वारा उन्हें पिछले वर्षों से 60 प्रतिशत अनाज कम दिया जा रहा है। लाभुकों को प्रत्येक महीना 10-12 किलो चावल और लगभग 6 किलो गेंहू दिया जा रहा है। लाभुकों ने बताया कि राशन डीलर द्वारा गोदाम से कम राशन मिलने की बात बोलकर लाभुकों की अनाज की कटौती करते हैं। मौके पर बीडीओ शीलवंत भट्ट और बीएसओ संजीत कुजुर पंहुचकर डीलरों के खिलाफ अविलंब जांच कर कार्रवाई किये जाने का आश्वासन देने के बाद ग्रामीण मानें। आंदोलन में चंचल उरांव, नीतू देवी, निरंजन कुमार सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल थे।

बताते चलें कि कांग्रेस नेता लालचंद सोनी पिछले एक माह से डीलरों के पास खड़े होकर कार्डधारियों को राशन दिलाने को लेकर प्रयासरत हैं। इसके लिए कार्य कर रहे हैं। गांव-गांव घूमकर राशन कार्डधारियों से मिलकर उनकी आवाज बुलंद कर रहे हैं। आक्रोशित होकर राशन डीलरों ने लालचंद सोनी के खिलाफ एसटी/एससी थाना में मुकदमा दर्ज करा दिया है।