फिल्‍मी स्‍टाइल में पुलिस ने पकड़ी कार, तलाशी लेने पर उड़े होश

झारखंड
Spread the love

योगेश कुमार पांडेय

जमुआ (गिरि‍डीह)। पुलिस ने फिल्‍मी स्‍टाइल में कार पकड़ी। उसकी तलाशी लेने पर पुलिस को होश उड़ गये। यह वाक्‍या झारखंड के गिरिडीह जिले के जमुआ में गुरुवार को हुआ।

जमुआ अंचल पुलिस निरीक्षक नवीन कुमार सिंह ने बताया कि पुलि‍स को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार में शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही गश्ती कर रहे पुलिस अवर निरीक्षक मनोज पूर्ति ने जमुआ-गिरि‍डीह मुख्य मार्ग पर वाहन जांच शुरू की। एक स्विफ्ट डिजायर कार जांच के दौरान भागने लगी।

पुलि‍स को शक हुआ। पुलिस ने डोमनपहाड़ी से कार का पीछा कि‍या। जमुआ रेलवे स्टेशन के पास उसे पकड़ लिया। पकड़ने के बाद कार की तलाशी ली गई तो पता चला कि‍ उसमें 12 पेटी अंग्रेजी नकली शराब लदी हुई है। अंधेरे का फायदा उठाकर कार चालक फरार हो गया है।

जमुआ थाना प्रभारी प्रदीप कुमार दास ने बताया कि जमुआ थाना में कांड संख्या 18/2022 दर्ज कर शराब व्यापारी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।