चाईबासा। पुलिस ने पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के केंदपोसी में चार लोगों की हुई हत्या का खुलासा कर दिया है। हत्याकांड को मृतक के ही बड़े बेटे मारतोम और उसके एक दोस्त राम सिंकू ने मिलकर अंजाम दिया था। उन लोगों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक अजय लिंडा ने बताया कि हत्या के पीछे पारिवारिक कलह का मामला सामने आया है। गिरफ्तार आरोपी ने बताया है कि माता-पिता उसके साथ सौतेला व्यवहार करते थे। उसके साथ डांट-डपट करते थे। हंडिया पीने से मना करते थे। इससे तंग आकर उसने इस घटना को अंजाम दिया।
जानकारी हो कि 01 अक्टूबर की मध्य रात में ग्रामीणों ने सूचना दी थी कि हाटगम्हरिया थाना अंतर्गत ग्राम कोंदपोसी टोला, मुईकलोर में एक ही परिवार के चार लोगों की घर में ही अज्ञात व्यक्तियों द्वारा हत्या कर दी गई है। इस सूचना पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जग्रनाथपुर, थाना प्रभारी हाटगम्हरिया, थाना प्रभारी कुमारडुंगी, थाना प्रभारी टोंटों और सशस्त्र बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक के घर से 4 शव बरामद किया।
मृतकों में ओनमो खंडाईत (50 वर्ष), गोबरा खंडाईत (करीब 22 वर्ष), मानी खंडाईत (48 वर्ष) और बासुदेव खंडाईत (4 वर्ष) शामिल थे। इसे अज्ञात अपराधियों द्वारा टांगी से मारकर हत्या कर दी गई थी। सभी चारों शवों का सदर अस्पताल चाईबासा में पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालों को सुपुर्द कर दिया गया था। इस कांड का अनुसंधान वैज्ञानिक तरीके से करते हुए घटनास्थल, उसके आसपास से खून के धब्बे, खून लगा शर्ट और सलवार एवं द्उली को पुलिस द्वारा बरामद किया गया है।
कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया था। पुलिस अधीक्षक द्वारा स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया। इस कांड में ग्रामीण मुंडा और ग्रामीणों से पूछताछ की गयी। पूछताछ में ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि मृतक के रिश्तेदार के यहां बीते रात खानपान हुआ था। इसके उपरांत रात में उनके घर में उन लोगों को टांगी से मार कर हत्या कर दी गई। अनुसंधान के क्रम में आपसी रंजिश के कारण इस घटना को अंजाम देने की बात प्रकाश आई थी।