पटना से पंजाब लौट रहे सिखों के समूह पर आरा में हमला, आधा दर्जन लोगों का फूटा सिर, जानें वजह

अपराध देश बिहार
Spread the love

आरा। राजधानी पटना से पंजाब लौट रहे सिखों के एक समूह पर बिहार के आरा में हमला हुआ है। बदमाशों ने आधा दर्जन लोगों का सिर फोड़ दिया। घटना आरा- सासाराम स्टेट हाईवे पर चरपोखरी प्रखंड के ध्यानी टोला के पास की है।

घायलों के अनुसार एक ट्रक पर करीब 60 सिखों का एक समूह पटना से पंजाब लौट रहा था। इस दौरान ध्यान टोला गांव के पास रविवार दोपहर यज्ञ के लिए चंदा नहीं देने पर सिखों की पिटाई कर दी गई। सभी श्रद्धालु प्रकाश पर्व से लौट रहे थे। इस घटना में आधा दर्जन श्रद्धालु घायल हो गए, जिसके बाद सभी को इलाज के लिए चरपोखरी पीएससी में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार सभी श्रद्धालु पंजाब के मोहाली निवासी हैं। घटना को लेकर स्थानीय पुलिस ने बताया कि सभी श्रद्धालु गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश पर्व में शामिल होने के लिए पटना आए थे। पर्व के खत्म होने के बाद सभी 60 लोग पटना से ट्रक पर सवार होकर वापस पंजाब लौट रहे थे। इसी बीच चरपोखरी थाना क्षेत्र के ध्यान टोला गांव के पास कुछ युवकों द्वारा उनका ट्रक रोका गया। जिसके बाद उनसे यज्ञ के नाम पर चंदा मांगा जाने लगा।

ऐसे में जब श्रद्धालुओं ने इसका विरोध किया, तो उक्त युवकों द्वारा ट्रक पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया गया। इस हमले में आधा दर्जन से ज्यादा श्रद्धालु घायल हो गए। इसके बाद सभी को इलाज के लिए चरपोखरी पीएससी में भर्ती कराया गया।