सचिव से मिलकर स्‍कूलों की नई समय सारणी की अधिसूचना की त्रुटियों को बताएंगे शिक्षक संघ

झारखंड
Spread the love

  • एक मंच पर आये कई शिक्षक संघ, बनाएंगे कॉमन मिनिमम प्रोग्राम

रांची। शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधि शिक्षा सचिव से सोमवार को मिलकर स्‍कूलों की नई समय सारणी को लेकर जारी अधिसूचना में व्‍याप्‍त त्रुटियों की ओर ध्‍यान आकृष्‍ट कराएंगे। यह निर्णय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ झारखंड प्रदेश प्राथमिक प्रकोष्ठ, +2 माध्यमिक प्रकोष्ठ, झारखंड प्राइमरी टीचर एसोसिएशन, झारखंड माध्यमिक शिक्षक संघ, झारखंड प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ की संयुक्त बैठक में हुआ। इन शिक्षक संघों के प्रतिनिधियों की बैठक 5 दिसंबर को रांची के अरगोड़ा स्थित साईं शांति राज निवास में हुई।

उपस्थित संगठन के प्रतिनिधियों ने स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा विद्यालय की नई समय सारणी के लिए जारी अधिसूचना पर चर्चा की गई। अधिसूचना में दिए गए विभिन्न दिशा निर्देश की पुनः समीक्षा की। राज्य के शिक्षा से जुड़े अन्य संगठनों की आम सहमति पर एक कॉमन मिनिमम प्रोग्राम बनाने का निर्णय लिया गया।

राज्य की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और छात्रों के शैक्षणिक उन्नयन के लिए बिरसा चौक स्थित सेवा भारती सभागार में 12 दिसंबर, 2021 को अपराह्न 12 बजे एक बैठक करने पर सहमति बनी। इस बीच 6 दिसंबर, 2021 को शिक्षा सचिव से मिलकर नई समय सारणी को लेकर जारी अधिसूचना में व्याप्त विभिन्न त्रुटियों पर ध्यान आकृष्ट कराने पर सहमति बनी।

बैठक में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के संयोजक आशुतोष कुमार, सह संयोजक विजय बहादुर सिंह, मीडिया प्रभारी अरुण कुमार दास, महासंघ के +2 माध्यमिक प्रकोष्ठ के संयोजक  सुधांशु कुमार सिंह, झारखंड प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद कुमार लाल, एवं महासचिव सुनील कुमार पांडेय, झारखंड माध्यमिक शिक्षक संघ के रांची जिला संयोजक धनंजय कुमार सिंह, अखिलेश प्रताप सिंह उपस्थित हुए। झारखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार सुमन भी ऑनलाइन जुड़े।