बीएयू ने प्रकाशित की बिरसा किसान मार्गदर्शिका, जानें खूबी

कृषि झारखंड
Spread the love

रांची I झारखंड का एकमात्र कृषि विश्वविद्यालय ‘बीएयू’ ने प्रदेश के अनुकूल और उपयुक्त कृषि सबंधी महत्वपूर्ण अद्यतन तकनीकी से युक्त ‘बिरसा किसान मार्गदर्शिका-2022’ का प्रकाशन किया है। यह किसान मार्गदर्शिका बेहद खास है। पूर्व के वर्षो में इसे बिरसा किसान डायरी के नाम से निकाला जाता था। राज्य के कृषि जगत में यह वर्षों से बेहद प्रचलित एवं लोकप्रिय है। विश्वविद्यालय ने लगातार तीसरे वर्ष पहली जनवरी को इसे प्रकाशित किया है।

बिरसा कृषि विश्वविद्यालय द्वारा वर्ष 1981 से हर वर्ष इस डायरी को प्रकाशित किया जा रहा है। राज्य के कृषि विकास में इसकी उपयोगिता को देखते हुए कुलपति के निर्देश पर वर्ष, 2022 में इसे नये नाम और कलेवर एवं प्रदेश के उपयुक्त लाभकारी कृषि की अद्यतन तकनीकों का समावेश कर प्रकाशित किया गया है।

इस किसान मार्गदर्शिका में झारखंड का कृषि परिदृश्य, मौसम खेती परामर्श सेवा, शुष्क भूमि कृषि तकनीक, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, फसलों के लिए अनुशंसित पोषक तत्वों की मात्रा के उर्वरक की गणना, बीज उपचार, बीज भंडारण, बीज बिक्री केंद्र, खरीफ, रबी एवं नकद फसलों के उत्पादन की उन्नत कृषि प्रणाली, कीट व रोग प्रबंधन, कीटनाशी का प्रयोग, आकस्मिक फसल प्रणाली की जानकारी दी गई है।

मडुआ व सोयाबीन का मूल्यवर्धन, मशरुम उत्पादन और मधुमख्खी पालन, उपयोगी उन्नत कृषि यंत्र, बागवानी में सब्जियों, फलों, फूल एवं मसाला फसलों की पैकेज प्रणाली, फल व सब्जियों का प्रसंस्करण एवं मूल्यवर्धन के बारे में बताया गया है।

पशुपालन में गाय, भैंस, बकरी, सूकर, मुर्गी, बत्तख, बटेर व खरगोश आदि पशुओं का प्रबंधन, रोगी और स्वास्थ्य पशुओं की पहचान, पशुओं की बीमारी, रोकथाम एवं टीकाकरण, पशुओं के भोजन, दाना मिश्रण और दैनिक आहार, पशुओं के परजीवी रोग और मांस प्रौद्योगिकी, दुधारू गाय, भैंस एवं बकरी पालन, दुग्ध प्रौद्योगिकी, मत्स्यपालन, समन्वित मत्स्यपालन, मत्स्य बीज उत्पादन, रंगीन मछलियों का पालन एवं एक्वेरियम प्रबंधन की जानकारी दी गई है।

वानिकी में वनवर्धन के पौधशाला तकनीक, पौध व बीज रोपण एवं वृक्षों की तकनीकी, सामाजिक वानिकी के अधीन कृषि वानिकी प्रणाली, वन प्रबंधन, वन्य प्राणी प्रबंधन, वनोत्पाद, औषधीय एवं सुगंधित पौधों की पैकेज प्रणाली, जैव प्रौद्योगिकी में टिश्यू कल्चर्ड पौध सामग्री, राज्य के कृषि जलवायु के लिए उपयुक्त समन्वित कृषि प्रणाली एवं तकनीकें बताई गई है।

किसान कॉल सेंटर, सामुदायिक रेडियो स्टेशन और कृषि विशेषज्ञ प्रणाली आदि विषयों को सरल हिंदी भाषा में बताया गया है I साथ ही वर्ष, 2022 का कैलेंडर सरकारी अवकाश सहित डेट शीट एवं वर्ष 2021 एवं 2023 का वार्षिक कैलेंडर का भी समावेश है।

बीएयू कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह बताते है कि कृषि एवं संबद्ध विषयों के वैज्ञानिकों के सहयोग से प्रकाशित यह किसान मार्गदर्शिका प्रदेश के लघु, सीमांत एवं बड़े किसानों, कृषि से जुड़े हितकारकों, प्रसार पदाधिकारियों व कार्यकत्ताओं, कृषि उद्यमियों एवं छात्रों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। इसमें वर्णित स्थानीय आवश्यकता एवं क्षेत्र विशेष आधारित तकनीकी से किसानों की आय में बढ़ोतरी को बढ़ावा मिलेगा। नई दिशा मिलेगी। राज्य के कृषि परिदृश्य में सुधार और कृषि में निरंतरता बनाये रखने में मदद मिलेगी। इसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों में प्रशिक्षण सामग्री के रूप में किसानों को दी जाती है।

इस मार्गदर्शिका को विश्वविद्यालय के प्रसार शिक्षा निदेशालय द्वारा प्रकाशित किया गया है। जिसके एक प्रति का बिक्री मूल्य 150 रुपये है। इसे विश्वविद्यालय मुख्यालय स्थित एटीक केंद्र से लिया जा सकता है। इसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों में प्रशिक्षण सामग्री के रूप में किसानों को दी जाती है। मार्गदर्शिका की अधिक प्रति के क्रय के लिए निदेशक, प्रसार शिक्षा से संपर्क की जा सकती है।