टोरी रेलवे क्रॉसिंग पार नहीं कर सके रेल ड्राइवर, हो गई मौत

झारखंड
Spread the love

लातेहार। रेल ड्राइवर मंटू लाल उरांव (57) टोरी रेलवे क्रॉसिंग पार नहीं कर सके। अंतत: उनकी मौत हो गई। वह चंदवा प्रखंड के सदाबर (नगर) के निवासी थे। वह हावड़ा, कोलकाता में 5 वर्षों से पदस्थापित थे।

बीते शुक्रवार को घर में मंटू लाल उरांव को अचानक सीने में हल्का दर्द उठा। इसके बाद उनके परिजनों ने गाड़ी की व्यवस्था की। मंटू स्वयं गाड़ी में बैठकर परिजनों के साथ इलाज के लिए चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जा रहे थे। इस क्रम में वह टोरी रेलवे क्रॉसिंग की जाम में फंस गए।

परिजनों के मुताबिक करीब आधे घंटे तक जाम में फंसे रहे। उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी। क्रॉसिंग जाम पर ही उनकी सांस की डोर टूट गई। जाम खुलने के बाद उन्‍हें चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने चेकअप करने के बाद उन्‍हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का कहना है कि मंटू लाल उरांव जाम में नहीं फंसते तो समय पर अस्पताल पहुंच जाते। उन्हें ऑक्सीजन मिल जाता और वे बच सकते थे। मंटू अच्छे स्वभाव के थे। इनके निधन से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। वे अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

सामाजिक कार्यकर्ता सह माकपा नेता अयुब खान ने कहा है कि क्रॉसिंग जाम के कारण मरीज आधे-आधे घंटे फंसे रहते हैं। समय पर अस्पताल नहीं पहुंचने के कारण अब तक सैकड़ों मरीजों की मौत हो चुकी है। रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य नहीं होने से मरीज लगातार अपनी जान गंवा रहे हैं।  राज्य सरकार, केंद्र सरकार, रेल मंत्रालय और कितनी मौत होने का इंतजार कर रही है।