नौ करोड़ के गबन मामले में चतरा के पूर्व कल्याण पदाधिकारी देवघर से गिरफ्तार

झारखंड
Spread the love

चतरा। चतरा पुलिस ने कल्याण विभाग में 9.33 करोड़ रुपए गबन के मुख्य आरोपी तत्कालीन जिला कल्याण पदाधिकारी आशुतोष कुमार को देवघर में गिरफ्तार कर लिया। छात्रवृत्ति में साइकिल घोटाले की जांच में दोषी पाए जाने के बाद आशुतोष कुमार को बर्खास्त कर दिया गया था। उसके बाद से वह फरार चल रहे थे।

इस घोटाले को लेकर चतरा में वर्ष 2018 में केस दर्ज किया गया था। देवघर नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह के अनुसार शहर के सलौनाटांड़ मुहल्ले से आशुतोष कुमार को गिरफ्तार किया गया।

चतरा के सिमरिया एसडीपीओ के नेतृत्व में आरोपी को देवघर से गिरफ्तार कर चतरा लाया गया। अगलगी के मामले में पूर्व कल्याण पदाधिकारी समेत अन्य लोगों पर मामला दर्ज किया गया था। सरकारी कार्यालय में आग लगाकर 9.33 करोड़ के गबन का सबूत मिटाने का प्रयास किया गया था। इसमें दस्तावेज को जला हुआ बताया गया था।