सर्विसिंग के लिए मोटरसाइकल भेजा शोरूम, काम शुरू करते कर्मचारियों के उड़े होश

झारखंड
Spread the love

कोडरमा। एक व्यक्ति ने कंपनी से ऑफर मिलने पर सर्विसिंग के लिए मोटरसाइकल शोरूम भेजा। गाड़ी शोरूम पहुंचने के बाद सर्विसिंग का काम शुरू करते कर्मचारियों के होश उड़ गये। कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना शोरूम के मैनेजर को दी। समय रहते मामले को संभाला गया, वर्ना बड़ी अनहोनी हो सकती थी।

यह वाक्या झारखंड के कोडरमा जिले का है। यहां के चंदवारा स्टेशन मास्टर बीबी सिंह को विश्वकर्मा पूजा को लेकर कंपनी की तरफ से एक मैसेज मिला। इसमें गाड़ी की सर्विसिंग पर विशेष ऑफर देने का जिक्र था। इसके बाद उन्होंने अपनी दोपहिया मोटरसाइकिल सर्विसिंग के लिए झुमरीतिलैया स्थित शोरूम भेज दिया था।

गाड़ी सर्विसिंग में जाने के करीब आधे घंटे के बाद सर्विस सेंटर के मैनेजर ने उन्हें कॉल कि‍या। उन्हें मोटरसाइकिल के सीट के नीचे एक खतरनाक सांप निकलने की सूचना दी। इस सांप की पहचान रसैल वाइपर के रूप में व्हाट्सएप के माध्यम से धनबाद के स्नेक सेवर प्रकाश यादव ने की। सावधानी से सांप को रेस्‍क्‍यू किया गया।

रसैल वाइपर को एशिया के सबसे खतरनाक सांपों में से एक माना जाता है। यह काफी जहरीला होता है। यह भारत में भी पाया जाता है। यह सांप अगर किसी इंसान को काट ले तो कुछ देर में ही उस व्यक्ति के खून में क्लॉट बनने शुरू हो जाते हैं। मल्टीपल ऑर्गन फेल हो जाते हैं।

यह सांप अजगर की तरह दिखता है, जिसकी स्कीन गोल गोल धब्बे बने होते हैं। एक बार काटने पर यह 120 से 250 मिलीग्राम जहर छोड़ता है। इसके काटने के बाद किडनी फेल होने की आशंका बढ़ जाती है। खून क्लॉट होना शुरू हो जाता है। शरीर में काफी ज्यादा सूजन आती है, जिससे स्कीन फटने का भी डर रहता है। सही समय में इलाज नहीं होने पर व्यक्ति की मौत हो जाती है।