सासाराम। सासाराम में शुक्रवार की सुबह रेलवे ट्रैक पर एक ही परिवार के 5 सदस्य ट्रेन की चपेट में आने से घायल हो गए। घटना दीनदयाल उपाध्याय- गया रेलमार्ग पर सासाराम में तकिया गुमटी के आगे घटी। जब पूरा परिवार रेलवे लाइन पार कर रहा था। इस क्रम में सभी ट्रेन की चपेट में आ गए।
जानकारी के अनुसार, घायल परिवार शिवसागर थाना क्षेत्र के करूप गांव के किसान अखिलेश महतो का है। परिजनों का कहना है कि महिला अपनी बेटियों के साथ शादी कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी। इसी दौरान हादसा हुआ। घायलों में अखिलेश महतो की पत्नी कुंती देवी 40 वर्ष और बेटियां प्रीति, रेणुका, सोनी, नीलू शामिल हैं।
नगर थानाध्यक्ष कामाख्या सिंह ने बताया कि घटना सुबह छह बजे की है। सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची एवं घायलों को स्कूल बस में लादकर सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां से प्रारंभिक इलाज के बाद सभी को रेफर कर दिया गया। अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर के डॉ. सिद्धार्थ ने बताया कि मां और दो बेटी को गंभीर चोटें आई हैं। इनके सिर और पैर में चोट आई है। इनमें से एक बेटी की हालत गंभीर है।
घटना की सूचना पाकर करूप गांव से बड़ी संख्या में लोग सदर अस्पताल पहुंच गए। परिवार के मुखिया अखिलेश किसी से बात करने की स्थिति में नहीं थे। महिलाओं का रो-रो कर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस आने में देरी देख नगर थानाध्यक्ष कामाख्या सिंह ने वहां से गुजरते हुए एक स्कूल वैन को रूकवाया और उससे सभी घायलों को अस्पताल लेकर गए।