केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पिपरकोठी के दीक्षांत समारोह में पहुंचे उपराष्ट्रपति, 100 करोड़ की योजनाओं का भी किया शुभारंभ

बिहार
Spread the love

बेतिया। पश्चिम चंपारण में उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पिपरकोठी के द्वितीय दीक्षांत समारोह में पहुंचे। विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने राष्ट्रगान के साथ उनका भव्य स्वागत किया।

उपराष्ट्रपति ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। फिर उन्होंने 100 करोड़ की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन किया। दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय परिसर स्थित अटल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया।

मुख्य अतिथि के रूप में उप राष्ट्रपति के साथ कार्यक्रम में राज्यपाल फागू चौहान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, डिप्टी सीएम रेणु देवी आदि उपस्थित थे। इसके अलावा बिहार सरकार के गन्ना व विधि मंत्री प्रमोद कुमार, कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह, सांसद सह पूर्व केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह, कृषि अनुसंधान व शिक्षा विभाग के सचिव डॉ त्रिलोचन महापात्र, डॉ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विवि के कुलाधिपति प्रफुल्ल कुमार मिश्र, डॉ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विवि के कुलपति डॉ रमेश चंद्र श्रीवास्तव भी मौजूद थे।

मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति विभिन्न योजनाओं से निर्मित पांच भवनों का उद्घाटन किया। इन योजनाओं को पूरा करने में लगभग 100 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। इस दौरान स्वदेशी गौ-नस्ल का क्षेत्रीय उत्कृष्टता केंद्र पिपराकोठी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यानिकी व वानिकी महाविद्यालय पिपराकोठी गंडकी महिला छात्रावास, पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यानिकी व वानिकी महाविद्यालय पिपराकोठी पंडित राजकुमार शुक्ल छात्रावास, पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यानिकी व वानिकी महाविद्यालय पिपराकोठी प्रशासनिक भवन तथा देसी गौ-वंश संरक्षण व संवर्धन केंद्र माधोपुर का उद्घाटन किया।

केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ रमेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि समारोह में लगभग 800 स्टूडेंट्स के बीच प्रमाण पत्र वितरण किया गया। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट रहा। दीक्षांत समारोह व उपराष्ट्रपति के आगमन को लेकर पुख्ता प्रशासनिक व्यवस्था रही।

अतिथियों के लिए विवि परिसर में चार हैलिपैड बनाए गए हैं। मुख्य कार्यक्रम स्थल अटल सभागार में तकरीबन दो हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। साथ ही अतिथियों के अलग विश्राम करने की व्यवस्था की गई है। विवि परिसर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनात किए गए हैं।