टाटा स्टील फाउंडेशन ने दिव्यांगों के बीच सहायक सामग्री बांटी

झारखंड
Spread the love

नोआमुंडी। दिव्यांगों को स्वनिर्भर बनाने के उद्देश्य से टाटा स्टील फाउंडेशन (टीएसएफ) ने सबल सेंटर, नोआमुंडी में दिव्यांगों के बीच सहायक सामग्री वितरित की।

मुख्‍य अतिथि सुनील चंद्रा (सर्किल ऑफिसर, नोआमुंडी) थे। विशिष्ट अतिथि बाल विकास परियोजना पदाधिकारी प्रभा विश्वकर्मा के अलावा अनिल उरांव (हेड सीएसआर, ओएमक्यू डिवीजन) और टीएसएफ के अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे। उपस्थित लोगों ने 18 दिव्यांगों को सहायक सामग्री प्रदान की। इस मौके पर उन्हें कंबल भी बांटे गए।

चंद्रा ने दिव्यांगों की सुविधा के लिए सरकार द्वारा दी जाने वाली विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। दिव्यांगों के लिए चुनावी नियमों में  संशोधन को लेकर चलाये जा रहे विशेष अभियान के बारे में बताया। उन्होंने दिव्यांगों से अपने चुनावी पहचान पत्र को अपडेट करने की भी अपील की।

बताते चलें कि ‘सबल’ की कल्पना 2017 में टाटा स्टील सीएसआर द्वारा ’इनेबल इंडिया’ की साझेदारी में की गई थी। इसका उद्देश्य दिव्यांगों के प्रति जागरुकता बढ़ाना और एक संवेदनशील वातावरण बनाने की दिशा में काम करना है, जो समान अधिकार और सम्मान सुनिश्चित करता है। शुरुआत में दिव्यांगता पर काम करने वाले संगठनों के क्षमता निर्माण के एक केंद्र के रूप में सबल की शुरुआत की गयी थी। सबल ने आज खुद को एक ऐसे इकोसिस्टम के रूप में स्थापित किया है, जो अब तक 5,000 से अधिक लोगों और 50 से अधिक सरकारों व निजी संगठनों के साथ जुड़ चुका है।