सेवानिवृत्त फौजी का सात वर्षीय पुत्र अपहृत, 50 लाख की मांगी फिरौती, तलाश में जुटी पुलिस

बिहार
Spread the love

गया। गया के मानपुर प्रखंड अंतर्गत रसलपुर गांव से सेवानिवृत्त फौजी बाल्मीकि सिंह के सात वर्षीय पुत्र का अपहरण कर लिया गया है। घटना बुधवार की देर रात की है।

बताया जाता है कि मोहित जब अपने घर से कुछ दूरी पर दोस्तों के साथ खेल रहा था, तभी एक बोलेरो गाड़ी रुकी और उसमें बैठे दो व्यक्तियों ने उससे उनके पिता का पता पूछा। जब मोहित ने घर का पता बताया तो घर दिखाने के बहाने उसे गाड़ी में बैठा लिया। कई घंटों के बाद जब बच्चा घर वापस नहीं आया, तो उसके दोस्त से पूछताछ की गई। दोस्तों ने फिर पूरी जानकारी दी।

उसके बाद पीड़ित परिवारवालों ने स्थानीय मुफस्सिल थाने में अज्ञात अपहरणकर्ताओं के खिलाफ एक मामला दर्ज कराया। अपहरणकर्ताओं ने आज उसके पिता के मोबाइल पर कॉल कर 50 लाख रुपए फिरौती की मांग की है। इस सूचना के बाद पूरे परिवार के लोग सदमे में हैं। वे वरीय पुलिस अधीक्षक से बच्चे को सकुशल बरामद करने की गुहार लगा रहे हैं। अपहृत मोहित के दादा सुरेंद्र सिंह भी रिटायर्ड फौजी हैं।

उन्होंने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और यह घटना किसने की है इसकी कोई भी जानकारी नहीं है। अपहर्ताओं ने 50 लाख की की फिरौती मांगी है। साथ ही पुलिस को नहीं बताने की धमकी भी दी है।

बहरहाल एडिशनल एसपी मनीष कुमार ने बताया कि रिटायर्ड फौजी के पुत्र का अपहरण का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। जल्द ही बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा। अपराधियों को पकड़ने के लिए उसके मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच की जा रही है।