एक ही गुर्गों से अलग-अलग गिरोह चला रहे दो गैंगस्टर, पलामू पुलिस को मिले अहम सुराग

Uncategorized
Spread the love

रांची। झारखंड के कोयलांचल और पलामू प्रमंडल में बड़े आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा और अमन साहू गिरोह को लेकर पुलिस को कई जानकारियां मिल रही हैं।

पुलिस को जो जानकारी मिली है कि सुजीत सिन्हा और अमन साहू अलग-अलग हो गए हैं, लेकिन दोनों एक गुर्गे का इस्तेमाल कर रहे हैं। पलामू पुलिस सुजीत सिन्हा और अमन साहू गिरोह के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। पलामू में रेलवे फ्रेट कॉरिडोर बना रही कंपनियों से अमन साहू और सुजीत सिन्हा ने अलग-अलग रंगदारी की मांग की थी।

पलामू एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि रेलवे फ्रेट कॉरिडोर पर हमले के मामले में अमन साहू का नाम सामने आया था, लेकिन हैदर नगर में हुए हमले में सुजीत सिन्हा का नाम आया है। कभी-कभी यह खबर भी निकल कर सामने आयी है कि सुजीत सिन्हा और अमन साहू अलग-अलग हो गए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस के लिए यह महत्व नहीं है कि दोनों अलग-अलग हैं या एकजुट। पुलिस सभी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है और गिरोह को ध्वस्त करने में लगी हुई है।

रेलवे का फ्रेट कॉरिडोर का निर्माण कार्य दो अलग-अलग कंपनियां अलग-अलग इलाकों में कर रही हैं। सात महीने पहले पलामू के पड़वा थाना क्षेत्र के कजरी में फ्रेट कॉरिडोर बना रही कंपनी पर फायरिंग हुई थी। वहीं तीन माह पहले मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के सोनबरसा में भी फायरिंग हुई थी। इन दोनों घटनाओं में अमन साहू का नाम आया था। वहीं एक माह पहले हैदरनगर के सिमरसोत में फ्रेट कॉरिडोर बना रही कंपनी के एक इंजीनियर को गोली मार दी गई थी।

इस घटना को अंजाम देने का आरोप सुजीत सिन्हा के गुर्गों पर लगा था। सुजीत सिन्हा और अमन साहू निर्माण कंपनियों से योजना की लागत के दो प्रतिशत की रंगदारी की मांग कर रहे हैं। रेलवे का फ्रेट कॉरिडोर बना रही कंपनी पर हमले का आरोप सुजीत सिन्हा के खास गुर्गों पर लगा है।

सुजीत सिन्हा के मुख्य शूटर हरि तिवारी ने गुर्गों का इंतजाम किया था, जबकि इस हमले की जिम्मेदारी अमन साहू ने ली थी। लेकिन हैदर नगर के सिमरसोत की घटना में सुजीत सिन्हा ने यूपी के शूटरों का इस्तेमाल किया है।

पलामू पुलिस यूपी से गिरफ्तार शूटर अभिषेक पांडेय और अमन साहू के खास अमित चौधरी को आमने-सामने करेगी। इस दौरान पुलिस को गिरोह के बारे में कई अहम जानकारी मिलने की संभावना है।