खाना है पान तो पहुंचें संजीव इंजीनियर की दुकान, सौ से अधिक फ्लेवर चखने के पूरे होंगे अरमान

झारखंड
Spread the love

हजारीबाग। वैसे अगर आप पान खाने के शौकीन हैं, तो कई तरह के खाए होंगे। उसमें भी बनारसी पान के क्या कहने। लेकिन हजारीबाग के इंजीनियर संजीव की पान का स्वाद जरूर चखें। उनकी दुकान में सौ से अधिक फ्लेवर के पान मिलते हैं।

हजारीबाग के इंजीनियर संजीव ने झिंझरिया पुल के पास एक नया स्टार्टअप किया है। संजीव ने स्टार्टअप पान की बेहतरीन दुकान खोली है। इस दुकान का नाम फैमिली पान कैफे है, जिसमें 100 से अधिक फ्लेवर के पान बिकते हैं। पान का रेट 20 रुपए से लेकर 2200 रुपए तक है। आम से लेकर कुल्फी के फ्लेवर तक वाले पान यहां मिलते हैं। इतना ही नहीं ऑनलाइन ऑर्डर कर घर बैठे भी पान मंगा सकते हैं।

स्टार्टअप करने वाले संजीव ने हजारीबाग शिशु विद्या मंदिर से 2003 में मैट्रिक की परीक्षा पास की। उसके बाद संजीव ने मार्खम कॉलेज के बाद प्रसिद्ध संत कोलंबस कॉलेज हजारीबाग से बीएससी की डिग्री हासिल की। संजीव बिनोवा विश्वविद्यालय के टॉपर छात्र रहे हैं। कॉलेज की पढ़ाई के बाद बीआईटी से संजीव ने एमबीए किया। वर्तमान में टीसीएस कोलकाता में अपनी सेवा दे रहे हैं। संजीव लॉकडाउन के वक्त से ही वर्क फ्रॉम होम पर हैं। इस दौरान उन्होंने यह स्टार्टअप शुरू किया है।

संजीव का कहना है कुछ नया करने की सोच रहे थे और इन दिनों काफी सोशल साइट पर सर्च भी कर रहे थे। ऐसे में उन्हें हजारीबाग में कुछ नया करने का विचार आया। संजीव ने बताया कि उसके बाद ही उन्होंने पान की दुकान खोली। संजीव कहते हैं कि वह कुछ लोगों को रोजगार देना चाहते हैं। उन्होंने इसमें पांच लोगों को रोजगार दी है। वर्ष 2018 में संजीव की शादी हुई। उनकी यही सोच है कि कुछ ऐसा करें जिससे पूरे देशभर में उनका बनाया हुआ प्रोडक्ट का चेन खुल सके। संजीव हजारीबाग के खीरगांव के रहने वाले हैं।

कोरोना काल में कई लोगों की नौकरी चली गई। कई लोगों ने तो पैसों की तंगी की वजह से आत्महत्या तक कर ली। ऐसे में देशभर में बेरोजगारी बढ़ी है। ऐसे में व्यापार को एक नए तरीके से पेश किए जाने पर न सिर्फ खुद अपने पैरों पर खड़ा हुआ जा सकता है, बल्कि कई लोगों को रोजगार भी दिया जा सकता है।