गुमशुदा टायर व्यापारी की नौकर और उसकी पत्नी ने गोली मारकर की हत्या

अपराध मध्य प्रदेश
Spread the love

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर के लसूड़िया इलाके से गायब टायर व्यापारी का शव सिमरोल के जंगल में मिला है। व्यापारी की सिर में गोली मारकर हत्या की गई है। पुलिस ने व्यापारी की हत्या करने के मामले में उसके यहां पहले काम करने वाले आरोपी राजकुमार और उसकी पत्नी ब्रजेश को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, पंचवटी के रहने वाले 47 वर्षीय अशोक कुमार वर्मा दो अक्टूबर को घर से निकले थे। रात में घर नहीं पहुंचे तो घरवालों ने फोन किया लेकिन फोन बंद आया। परिवार के लोग उनकी तलाश करते रहे। अशोक टायर व्यापारी होने के साथ प्रॉपर्टी ब्रोकर का काम भी करते थे। परिवार ने तीन अक्टूबर को उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने जाँच करना शुरू की, जिसके मुताबिक सीसीटीवी कैमरे की जांच की तो पाया कि दो अक्टूबर को देवास नाका पर एक पेट्रोल पंप पर अशोक ने अपनी गाड़ी खड़ी की थी। यहां से वे पैदल निकले। पुलिस कैमरे की जांच करते हुए स्टार चौराहे तक पहुंची तो पता चला कि वह यहां अपने नौकर 30 वर्षीय राजकुमार चढ़ार व उसकी पत्नी 25 साल की ब्रजेश से मिले। कुछ देर बात करने के बाद तीनों एक बाइक से रवाना हुए।

पुलिस ने इन फुटेज के आधार पर राजकुमार और पत्नी ब्रजेश को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि अशोक की सिमरोल के जंगल में ले जाकर हत्या कर दी है। जब उन्हें साथ लेकर पुलिस जंगल में पहुंची तब वहां अशोक का शव मिला। उनके सिर में गोली मारी गई थी। अशोक के शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था।

पूछताछ करने पर राजकुमार ने बताया कि साल 2015 में वह अशोक की दुकान पर काम करता था। तब अशोक की दोस्ती राजकुमार की पत्नी ब्रजेश से हुई, चार महीने बाद उसने नौकरी छोड़ दी। कुछ समय बाद दोनों अपने घर सागर लौट गए। दूसरे लॉकडाउन के बाद से जब वे इंदौर आए तो वह पत्नी पर दोबारा दोस्ती करने के लिए दबाव बनाने लगे। इससे परेशान होकर दोनों ने उसकी हत्या कर दी।