बिहार विधानसभा के सौ साल पूरा होने पर शताब्दी समारोह आयोजित, राष्ट्रपति ने किया उद्घाटन, कही ये बात

बिहार मुख्य समाचार
Spread the love

पटना। आज बिहार के लिए गर्व का दिन है।बिहार विधानसभा के सौ साल पूरा होने पर गुरुवार को शताब्दी समारोह का आयोजन किया गया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

उन्होंने विधानसभा परिसर में बने शताब्दी स्मृति स्तंभ का शिलान्यास किया। साथ ही विधानसभा परिसर में पवित्र बोधि वृक्ष का पौधा भी लगाया। राष्ट्रपति का स्वागत विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। बिहार की धरती आकर अभिभूत राष्ट्रपति ने यहां से अपने लगाव को बताया। उन्होंने कहा- बिहार आता हूं, तो लगता है अपने घर आया हूं। चाहता हूं कि देश की आजादी के सौ साल पूरे होने तक बिहार अग्रणी राज्य बने। सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि रामनाथ कोविंद जी का रिश्ता बिहार से खास रहा है।

यह बिहार के राज्यपाल 2 वर्ष तक रहे और राज्यपाल रहते हुए सीधे राष्ट्रपति बने, इन्हें हम बिहारी भी कहते हैं। इनसे हमारा संबंध बहुत ही मधुर है। इस कारण हम अक्सर कहते हैं असली बिहारी आप ही हैं। विश्व शांति स्तूप के उद्घाटन में भी राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 2019 अक्टूबर में आये थे।