सोमवार को बेटी गई ससुराल, मंगलवार को दामाद का फोन आते घरवालों के उड़े होश

झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

गोमिया (बोकारो)। सोमवार को गोमिया थाना अंतर्गत हजारी पंचायत की ग्राम पंचायत खुदगड़ा के सुभाष प्रजापति की छोटी बेटी उमा देवी ससुराल गई। मंगलवार की सुबह दामाद ने ससुर को फोन किया। इसके बाद घर वालों के होश उड़ गये। फिर मामला थाने में पहुंच गया।  

सुभाष प्रजापति के मुताबिक उसकी पुत्री उमा देवी का विवाह 2017 में हजारीबाग के टाटी झरिया के धारमपुर गांव के संजय प्रजापति के साथ हिंदू रीति रिवाज से हुईं थीं। बीस दिन पूर्व मेरी बेटी गुदगड़ा अपने मायके आई थीं। 6 सितंबर यानी सोमवार को वह पुनः ससुराल गई। 7 सितंबर यानी मंगलवार की सुबह 10 बजे दामाद संजय प्रजापति का फोन आया कि‍ उमा नहीं रही। सुभाष ने टाटी झरिया थाना में लिखित आवेदन देकर बेटी की हत्‍या करने का आरोप लगाया।

सुभाष ने आरोप लगाया है कि मेरी बेटी की हत्‍या करने में दामाद संजय प्रजापति, समधीन कलावती देवी और दामाद का भाई रामचंद्र प्रजापति और विजय प्रजापति का हाथ है। उन्होंने आवेदन मे लिखा है कि बेटी के ससुराल वाले सोना, चांदी, मोटरसाइकिल, फर्नीचर आदि की मांग किया करते थे। उमा को लगातार प्रताड़ित किया करते थे। ससुराल में उमा को पति और सास लगातार प्रताड़ित करते थे। मायके से बराबर पैसे लाने की बात कहते थे।

घटना की जानकारी मिलते ही हजारी पंचायत के मुखिया चंद्रदीप पासवान, समाजसेवी तारामणि भोक्‍ता के साथ गांव और मृतिका के परिवार के दर्जनों लोग टाटी झरिया पहुंचे। थाना में मामले की विस्तृत जानकारी दी। घटना की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की भी मांग की।